बीज बम अभियान सप्ताह 2025 का देहरादून से शुभारंभ-वन मंत्री करेंगे उद्घाटन
श्रीनगर गढ़वाल। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभिनव और सामूहिक प्रयास के रूप में बीज बम अभियान सप्ताह 2025 का औपचारिक शुभारंभ आगामी 9 जुलाई को देहरादून में उत्तराखंड के माननीय वन एवं पर्यावरण मंत्री द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य भर के वन विभाग के अधिकारी—मुख्य वन संरक्षक से लेकर बीट स्तर के कर्मचारियों तक-वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन सत्र से जुड़ेंगे। ज्ञात हो कि बीज बम अभियान की शुरुआत 2017 में जनपद टिहरी के सामाजिक कार्यकर्ता द्वारिका प्रसाद सेमवाल ने की थी,जिसका उद्देश्य खेल-खेल में पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन का रूप देना रहा है। इस अभियान की बढ़ती लोकप्रियता और प्रभावशीलता को देखते हुए अब उत्तराखंड वन विभाग ने भी इसे संस्थागत समर्थन देना शुरू कर दिया है। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के मानव विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं सोशल सोशियल साइंस के डीन प्रो.एच.बी.एस.चौहान तथा पर्वतीय विकास शोध केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद दरमोड़ा ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि इस वर्ष भी 9 से 15 जुलाई तक देशभर में बीज बम अभियान सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य न केवल वनस्पतियों की पुनर्स्थापना है,बल्कि मानव और वन्य जीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को भी कम करना है। विशेष बात यह है कि इस बार बीज बम निर्माण एवं वितरण में स्कूली छात्रों की भी भागीदारी सुनिश्चित की गई है। उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने इस हेतु निर्देश जारी कर दिए हैं,जिसके अनुसार राज्य के सभी स्कूलों में छात्र-छात्राएं बीज बम तैयार करेंगे और उन्हें उपयुक्त स्थानों पर प्रक्षिप्त करेंगे। डॉ.अरविंद दरमोड़ा ने बताया कि बीज बम अभियान को व्यापक जनसहभागिता दिलाने के उद्देश्य से 2019 में इसे सप्ताह के रूप में मनाने की शुरुआत की गई थी। आज यह आंदोलन उत्तराखंड की सीमाओं को लांघकर देश के 18 राज्यों में फैल चुका है और इसकी पहुंच सतत बढ़ रही है। इस अभियान को पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के संगम के रूप में देखते हुए प्रो.चौहान ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के इस दौर में बीज बम अभियान न केवल प्राकृतिक संतुलन की दिशा में कारगर प्रयास है,बल्कि यह नई पीढ़ी को बीज से वृक्ष बनने की जीवन यात्रा से भी परिचित कराता है। उन्होंने आगे कहा कि यह पहल बीज संरक्षण,मिट्टी की गुणवत्ता सुधार,वन्य जीवों के लिए खाद्य सुरक्षा तथा पर्यावरणीय चेतना को एक साथ जोड़ती है। बीज बम सप्ताह के मुख्य कार्यक्रम का आयोजन हिमालय पर्यावरण जड़ी-बूटी एग्रो संस्थान जाड़ी,एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के मानव विज्ञान विभाग,पर्वतीय विकास शोध केंद्र तथा सेव हिमालय मूवमेंट के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। यह कार्यक्रम वन मंत्री के शासकीय आवास परिसर में प्रस्तावित है। इस अवसर पर प्रारंभिक दौर से अभियान से जुड़े रहे लोगों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित भी किया जाएगा,जो इस आंदोलन की जन-मानस में गहराती जड़ों को दर्शाता है।