मसूरी में ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस ने मिलकर चलाया यातायात जन जागरूकता अभियान



मसूरी में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से मसूरी ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से एक जन जागरूकता अभियान चलाया गयाा। इस अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मसूरी सनातन धर्म इंटर कालेज में छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी। हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नशे में ड्राइविंग से बचाव, ओवर स्पीडिंग, और सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। लंढौर चौकी इंचार्ज राजकुमार बमोला ने बताया, “यह अभियान छात्रों को कानून के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चलाया गया है। हम चाहते हैं कि हर नागरिक यातायात नियमों का पालन करे ताकि शहर सुरक्षित बना रहे।” उन्होंने बताया कि इसके अलावा वर्तमान में हो रहे साइबर अपराध को लेकर भी छात्रों को जागरूक किया गया। इस मौके पर यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार, प्राचार्य डा0 नम्रता श्रीवास्तव सहित शिक्षक मौजूद थे।