रुड़की में हाल ही में बनी सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। दुर्गा चौक से चंद्रपुरी तक बनाई गई सड़क महज 16वें दिन ही एक स्थान पर अचानक भरभराकर धंस गई, जिससे सड़क में बड़ा गड्ढा बन गया। घटना के बाद विपक्षी नेता और स्थानीय लोग निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर सवाल उठाने लगे हैं।
यह सड़क लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाई गई थी। सड़क धंसने की सूचना मिलते ही नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग ने आनन-फानन में मौके पर पहुंचकर गड्ढे को पत्थर और अन्य सामग्री से भरवा दिया, ताकि लापरवाही उजागर न हो सके।
वहीं, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने सड़क निर्माण में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर अतुल राणा को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान सड़क के बीच बने गड्ढे का ध्यान क्यों नहीं रखा गया।
इस मामले में पीडब्ल्यूडी के साइट सुपरवाइजर गुमान सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि जिस जगह सड़क धंसी है, वहां पहले सीसी (कंक्रीट) से निर्माण किया गया था। उन्हें इस स्थान पर गड्ढे की जानकारी नहीं थी। सड़क कुछ समय से लचक रही थी, लेकिन अचानक धंसने की वजह से यह मामला सामने आया।
