श्रीनगर में बनेगा पहाड़ का पहला ड्रेनेज मास्टर प्लान,मेयर आरती भण्डारी की अगुवाई में हुई हाई लेवल बैठक

गढ़वाल। आज 28 मई को उत्तराखंड के श्रीनगर शहर ने विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। शहर जल्द ही पहाड़ी क्षेत्रों का पहला ड्रेनेज मास्टर प्लान प्राप्त करने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना को मूर्त रूप देने के लिए नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भण्डारी की अध्यक्षता में एक हाई लेवल बैठक का आयोजन किया गया,जिसमें विशेषज्ञों,नगर निकाय के अधिकारियों और तकनीकी सलाहकारों ने हिस्सा लिया। इस मास्टर प्लान का उद्देश्य शहर की जल निकासी प्रणाली को वैज्ञानिक और स्थायी ढंग से विकसित करना है,जिससे बरसात के मौसम में जलभराव और संबंधित समस्याओं से मुक्ति मिल सके। खास बात यह है कि यह योजना श्रीनगर को उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में पहला ऐसा शहर बनाएगी,जहां ड्रेनेज का सुव्यवस्थित और दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मेयर आरती भंडारी ने बैठक के दौरान कहा कि श्रीनगर गढ़वाल का तेजी से हो रहा शहरीकरण अब एक मजबूत और टिकाऊ ड्रेनेज सिस्टम की मांग कर रहा है। हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में यह शहर स्मार्ट और आपदारोधी ढांचा अपनाने में मिसाल बने। यह ड्रेनेज मास्टर प्लान न केवल शहर की स्वच्छता और जीवन गुणवत्ता में सुधार लाएगा,बल्कि शहरी नियोजन के क्षेत्र में श्रीनगर को एक मॉडल टाउन के रूप में स्थापित करेगा। मेयर आरती भण्डारी नहीं आगे कहा कि श्रीनगर अब स्मार्ट शहरी विकास की दिशा में एक नई शुरुआत कर रहा है,ड्रेनेज मास्टर प्लान हमारे शहर के भविष्य की बुनियाद है इससे न केवल जल भराव की समस्या का समाधान होगा बल्कि यह श्रीनगर को पहाड़ों का पहला ऐसा शहर बनाएंगे,जहां वैज्ञानिक तरीके से जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी,हमारा उद्देश्य है कि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाकर छोड़े। इस अवसर पर बैठक में श्रीनगर नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,गायत्री बिष्ट,अधिशासी अभियंता पवन कोठियाल,मुख्य सफाई निरीक्षक शशि पंवार,राष्ट्रीय राजमार्ग के सहायक अभियंता मोहम्मद तहसीन,अपर सहायक अभियंता शशी नेगी,पीडब्ल्यूडी श्रीनगर के अधिशासी अभियंता किशोर कुमार,सहायक अभियंता हर्षवर्धन मैठाणी,कंसल्टेंसी कंपनी से जैक्सन क्रिश्चियन सहित आदि लोग उपस्थित थे।