स्वास्थ्य विभाग में संविदा कर्मचारीयों उपनल और पीआरडी की स्थिति खराब,स्वास्थ्य मिशन कर्मचारियों को दो माह से मानदेय नही

श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर उपनल और पीआरडी से तैनात कर्मचारियों का पिछले आठ माह से अनुबंध नवीनीकरण नही होने से कर्मचारियों का मानदेय नही मिला है।यह समस्या हर वर्ष इन कर्मचारियों को झेलनी होती है परन्तु इस वर्ष आठ माह से कर्मचारियों का न नवीनीकरण हुआ है और न मानदेय मिला है जिसके कारण इन कर्मचारियों के समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इन आऊटसोर्स कर्मचारियों के पास बच्चों की फीस जमा करने पानी के बिल और बिजली के बिल भरने तक का पैंसा नही है। वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य मिशन में कार्यरत कर्मचारियों का भी अनुबंध नवीनीकरण नही हुआ है और दो माह से इन कर्मचारियों को भी मानदेय नही मिला है। राज्य स्तर से जनपदों को बजट निर्गत होने में देरी के चलते इन कर्मचारियों के समक्ष भी आर्थिक संकट पैदा होने की स्थिति है। साथ ही स्वास्थ्य मिशन में आऊटसोर्स ऐजेंसी से तैनात कर्मचारियों को तीन माह से मानदेय नही मिला है। इन कर्मचारियों के मानदेय से पीएफ कटौती तो की जा रही है पर नियमानुसार पीएफ भी समय पर इन कर्मचारियों के पीएफ खाते में जमा नही किया जा रहा है। वर्तमान में उत्तराखंड राज्य में स्वास्थ्य मिशन और उपनल पीआरडी सहित विभिन्न माध्यमों से 5558 के लगभग कर्मचारी तैनात हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील भण्डारी ने जल्द कर्मचारियों का मानदेय निर्गत करने और कर्मचारियों का समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग की और कहा कि यदि कर्मचारियों का मानदेय निर्गत नही होगा तो मिशन प्रबंधन का घेराव कर आंदोलन किया जायेगा।