उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मसूरी में पर्यटक सीजन अपने चरम पर है, लेकिन इसी बीच शहर में ईंधन संकट गहरा गया है। मसूरी किक्रेग में स्थित दो पेट्रोल पंपों में से एक पर पेट्रोल और डीज़ल की आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद होने के कारण सारा दबाव दूसरे पंप पर आ गया। इसके चलते वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे न केवल आम लोगों को ईंधन भरवाने में भारी परेशानी हुई, बल्कि यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, षनिवार को सुबह से ही पेट्रोल और डीज़ल लेने के लिए वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। कई लोगों को घंटे तक अपनी बारी का इंतज़ार करना पड़ा। किक्रेंग चौक पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को भी आवाजाही में दिक्कतें हुईं। बताया जा रहा है कि एक पेट्रोल पंप में पेट्रोल और डीचल सप्लाई करने वाला ट्रैंकर कोलूखेत के पास खराब हो गया था। जिस कारण एक पेट्रोल पंप तेल की आपुर्ति ठप हो गई। स्थानीय नागरिकों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान इस तरह की व्यवस्थागत खामियां न केवल आम लोगों को परेशान करती हैं, बल्कि मसूरी की छवि पर भी असर डालती हैं। लोगों ने मांग की कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप कर ईंधन आपूर्ति को बहाल कराए और वैकल्पिक प्रबंध किए जाए।प्रशासन की ओर से बताया गया है कि आपूर्ति में आई रुकावट अस्थायी थी और दोपहर 1 बजे तक दूसरे पेट्रोल पंप में ईंधन की आपूर्ति बहाल कर दी गई थी जिससे कुछ ही देर में स्थिति समान्य हो गई थी। उन्होने कहा कि ट्रैफिक पुलिस को अतिरिक्त तैनाती के निर्देश दिए गए हैं ताकि भीड़भाड़ होने पर यातायात व्यवस्था बनी रहे।
मसूरी में पर्यटक सीजन के बीच ईंधन संकट, एकमात्र चालू पेट्रोल पंप पर उमड़ी भारी भीड़
