एनआईटी उत्तराखंड में एमएससी व एमटेक सत्र 2025-26 के लिए डायरेक्ट एंट्री से प्रवेश शुरू,गैर-सीसीएमएन/गेट अभ्यर्थियों को भी मौका

श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) उत्तराखंड ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए एमएससी एवं एमटेक पाठ्यक्रमों में डायरेक्ट एंट्री (सीधी प्रविष्टि) के तहत प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। संस्थान द्वारा भौतिकी,रसायन विज्ञान तथा गणित विषयों में एमएससी और सभी इंजीनियरिंग विभागों में स्व-प्रायोजित एमटेक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी एनआईटी उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 4 अगस्त,2025 तक आवेदन कर सकते हैं। संस्थान द्वारा 5 अगस्त को पात्र अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी,जबकि 8 अगस्त को लिखित प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को 12 से 14 अगस्त, 2025 के बीच संस्थान में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। एनआईटी की अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ.जाग्रति सहरिया ने बताया कि वर्तमान में सीसीएमएन/सीसीएमटी-2025 काउंसलिंग के माध्यम से संस्थान में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्पॉट राउंड (NSR) के उपरांत जो सीटें शेष रह जाएंगी, उन पर डायरेक्ट एंट्री के माध्यम से योग्य छात्रों को प्रवेश का अवसर मिलेगा। डॉ.सहरिया ने स्पष्ट किया कि वे छात्र जो किसी कारणवश सीसीएमएन/सीसीएमटी काउंसलिंग में भाग नहीं ले पाए थे या जिनके पास जैम (JAM-2025),सीयूईटी या गेट (GATE) स्कोर नहीं है,उनके लिए भी यह एक सुनहरा अवसर है। ऐसे अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी जैसे शुल्क संरचना,न्यूनतम पात्रता,आवश्यक दस्तावेजों की सूची और अन्य दिशा-निर्देश संस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध सूचना विवरणिका (Information Brochure) में दी गई है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पूर्व सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। इस पहल के माध्यम से एनआईटी उत्तराखंड ने प्रतिभाशाली लेकिन किसी कारणवश मुख्य काउंसलिंग से वंचित छात्रों के लिए एक नया अवसर सृजित किया है,जिससे उच्च शिक्षा के द्वार एक बार फिर से उनके लिए खुलते हैं।