श्रीनगर गढ़वाल। स्व.राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा रविवार को श्रीनगर के समीपवर्ती नकोट बिल्लकेदार स्थित प्राइमरी स्कूल में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय ट्रस्ट की इस पहल से जनपद के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में कुल 165 मरीजों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई। विशेष बात यह रही कि विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रसित मरीजों की जांच को अनुभागवार विभाजित कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में सम्पन्न कराया गया। शिविर में 85 मरीजों की आंखों,57 की हड्डियों,63 की पाचन संबंधी तथा 36 मरीजों की शुगर जांच की गई। इस अवसर पर नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भण्डारी ने शिविर स्थल पर पहुंचकर ट्रस्ट के प्रयासों की खुले मन से सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर हर गांव और मोहल्ले में लगाए जाने चाहिए ताकि लोगों को स्थानीय स्तर पर जांच और परामर्श की बेहतर सुविधा मिल सके। स्व.राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट का यह कार्य वास्तव में समाजसेवा की प्रेरक मिसाल है। ट्रस्ट अध्यक्ष विजय रावत ने बताया कि संस्था कई वर्षों से स्वास्थ्य,शिक्षा और जन-जागरूकता के क्षेत्र में कार्य कर रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने इस आयोजन में सहयोग देने हेतु नगर निगम श्रीनगर का भी आभार व्यक्त किया। शिविर में सेवा देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों में डॉ.नदीम अहमद,डॉ.अली खान,डॉ.मिर्जा खान,डॉ.तनीषा बंसल,डॉ.दृहिती सक्सेना,डॉ.नबिया रहमान एवं डॉ.जोहा कामरान शामिल रहे। वहीं ट्रस्ट की ओर से राजकुमार,सलमान,सुनील,बॉबी,जहूर हुसैन और अमन ने व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला। इस अवसर पर पार्षद संदीप रावत,पंकज सती,प्रदीप राणा,धर्म सिंह रावत,सोनु चमोली,प्रवेश चमोली,भावना चौहान सहित कई जनप्रतिनिधियों का विशेष सहयोग रहा। ट्रस्ट की यह पहल न केवल लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण रही,बल्कि सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की एक प्रेरणादायी मिसाल भी प्रस्तुत करती है।
स्वास्थ्य शिविर में 165 मरीजों की जांच,मेयर आरती भण्डारी ने ट्रस्ट की सराहना की
