श्रीनगर में निजी क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमार कार्रवाई,मानकों की अनदेखी पर सख्ती के संकेत

श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी ने बुधवार को श्रीनगर नगर क्षेत्र में संचालित निजी क्लीनिकों व डायग्नोस्टिक सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। यह अभियान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.विनय कुमार त्यागी के नेतृत्व में संचालित किया गया। निरीक्षण के दौरान सिंगला पाइल्स क्लिनिक में कई खामियां पाई गईं। क्लिनिक संचालक मौके पर अनुपस्थित पाए गए तथा संस्थान में बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2016 के तहत निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा मौके पर मौजूद स्टाफ आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने में असमर्थ रहा जो नैदानिक स्थापन अधिनियम के स्पष्ट उल्लंघन की श्रेणी में आता है। डॉ.त्यागी ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में नियमानुसार विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इसके अतिरिक्त विभागीय टीम द्वारा मां धारी डायग्नोस्टिक सेंटर,नैथानी अल्ट्रासाउंड एंड मैटरनिटी सेंटर,नैथानी एक्स-रे एंड अल्ट्रासाउंड सेंटर तथा मधुर नर्सिंग होम का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं,दस्तावेजों की स्थिति,स्वच्छता व्यवस्था तथा चिकित्सकीय प्रक्रियाओं के अनुपालन की गंभीरता से समीक्षा की गई। इस निरीक्षण दल में महिला चिकित्सक डॉ.मॉरिशा पंवार,पीसीपीएनडीटी समन्वयक आशीष रावत तथा क्वालिटी कंसल्टेंट स्मृति शाह भी शामिल रहे। डॉ.त्यागी ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अव्यवस्थित क्लीनिकों पर नकेल कसने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि मानव जीवन से सीधे जुड़ी सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।