हरेला पर्व पर मसूरी में गूंजे पर्यावरण के स्वर, कविता, चित्रकला और बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन



हरेला पर्व के उपलक्ष्य में मसूरी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने न केवल बच्चों की रचनात्मकता को मंच प्रदान किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का भी सशक्त संदेश दिया। मसूरी भाजपा मंडल और रॉबस्ट वर्ल्ड संस्था के संयुक्त सहयोग से नगर पालिका सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कविता वाचन व चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में प्रतिभागी बच्चों ने अपने चित्रों और कविताओं के माध्यम से प्रकृति की सुंदरता, वनों की उपयोगिता, जल-संरक्षण और हरियाली की आवश्यकता को बेहद भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। कुछ कविताओं में जहां पेड़ों की आवाज को शब्दों में पिरोया गया, वहीं चित्रों में ग्लोबल वार्मिंग और प्लास्टिक प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं की झलक भी दिखी।छात्रों ने अपनी रचनाओं से यह संदेश दिया कि ष्पृथ्वी तभी बचेगी जब हम पेड़ बचाएंगेष्, जो सभागार में बैठे हर व्यक्ति को सोचने पर मजबूर कर गया। कविता प्रतियोगिता में अस्मिता नौटियाल – कक्षा 11-सरस्वती शिशु मंदिर विद्या मंदिर पे पहला स्थान, अनुष्का तिवारी -कक्षा 10-सीजेएम बेवर्ली स्कूल ने दूसरा स्थान और सोनाक्षी उनियाल – कक्षा 8 -मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज ने तीसरा स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में अमित कुमार – कक्षा 11 – आर एन भार्गव इंटर कॉलेज ने पहला स्थान, पायल नेगी – कक्षा 11 – सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ने दूसरा स्थान और श्रद्धा – कक्षा 12 – निर्मला इंटर कॉलेज ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री श्री सुभाष बड़वाल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। अपने संबोधन में सुभाश बड़वाल ने कहा कि बच्चों को जब इस तरह से रचनात्मक मंच मिलते हैं, तो उनमें पर्यावरण के प्रति जो भावनात्मक जुड़ाव बनता है, वह जीवनभर बना रहता है। हरेला पर्व केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक जिम्मेदारी की शुरुआत है। उन्होंने उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्प लेने और अधिकाधिक पौधारोपण करने की अपील की। उन्होने कहा कि आयोजन ने न सिर्फ बच्चों को आत्म-अभिव्यक्ति का मंच दिया, बल्कि समाज को यह भी दिखाया कि प्रकृति के लिए छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े परिवर्तन की दिशा में पहला कदम हो सकते हैं। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन आगे भी निरंतर रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि पर्यावरण के प्रति जनमानस में जागरूकता बनी रहे।
रॉबस्ट वर्ल्ड संस्था के संस्थापक शुभ विश्नोई ने बताया कि संस्था 16 जुलाई से लगातार भाजपा मंडल मसूरी के साथ मिलकर विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि हरेला केवल पर्व नहीं है, यह एक आंदोलन है कृ हर घर, हर दिल तक पर्यावरण की पुकार को पहुंचाने का। हम चाहते हैं कि हर बच्चा, हर नागरिक इस अभियान का हिस्सा बने। संस्था ने हरेला पर्व के तहत स्कूलों में पर्यावरण संबंधी कार्यशालाएं, वृक्षारोपण अभियान, नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता रैलियां भी आयोजित की हैं। शुभ विश्नोई ने यह भी घोषणा की कि यह अभियान केवल पर्व तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे वर्षभर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जारी रहेगा। प्रतियोगिता में सेंट क्लियर कॉन्वेंट स्कूल, मसूरी पब्लिक स्कूल ,सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज, आर एन भार्गव इंटर कॉलेज, मसूरी गर्ल्स इंटर कॉलेज , सरस्वती शिशु विद्या मंदिर ,सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय, सीजेएम हैम्पटन कोर्ट स्कूल, निर्मला इंटर कालेज और सीजेएम बेवर्ली के छात्र-छात्राओं पे प्रमिभाग किया।