इनरव्हील क्लब मसूरी ने चलाया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधारोपण अभियान का हुआ भव्य शुभारंभ



हरियाली ही जीवन है इस मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए इनरव्हील क्लब मसूरी ने रविवार को एक प्रेरणादायी पहल की शुरुआत की। क्लब द्वारा आयोजित पौधारोपण अभियान का शुभारंभ उत्साह और समर्पण के साथ किया गया, जिसमें क्लब की सभी सदस्याओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक-एक पौधा लगाकर प्रकृति को नमन किया। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्षा श्रीमती साधना साहनी ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन नहीं देते, वे जीवन देते हैं। आज जो बीज हम बो रहे हैं, वही आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरा-भरा भविष्य तैयार करेंगे। अगस्त माह में यह अभियान केवल आज तक सीमित नहीं रहेगा, इसके दूसरे और तीसरे चरण भी इसी माह आयोजित किए जाएँगे।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, पूर्व मण्डल अध्यक्षा श्रीमती नीरजा पाधी ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि इनरवील क्लब हमेशा से समाज सेवा और मानवता के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। वृक्षारोपण एक ऐसा कार्य है जो हमें प्रकृति से जोड़ता है और हमें यह सिखाता है कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़ी सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। आज का यह आयोजन न केवल पर्यावरण की दृष्टि से, बल्कि सामाजिक चेतना की दृष्टि से भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सदस्याओं के योगदान की सराहना की और आने वाले अभियानों में भी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होने सभी को संदेष देते हुए कहा कि एक पौधा, एक जीवन आइए हम सब मिलकर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लें और आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, हरा-भरा और सुरक्षित भविष्य दें। इस मौके पर मनीषी सगल ने उपस्थित सभी सदस्यों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी को व्यक्तिगत स्तर पर जोड़ने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में सारिका अग्रवाल, मनीषी सगल, जया करनवाल, रीता जैन, प्रभा अग्रवाल, शशि मित्तल, अनु गर्ग, रीना रश्मि, अनिता, गीतू और अलका जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।