मसूरी में प्रकृति से प्रेम और जनसेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला जब जयश्री क्लब ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस आयोजन में न केवल पर्यावरण सरंक्षण का संदेश दिया गया, बल्कि क्षेत्र के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में नव निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य गोविंद सिंह पुंडीर (बबलू भाई), क्षेत्र पंचायत सदस्य सृष्टि रावत, एवं ग्राम प्रधान श्रीमती मीना देवी को फूल-मालाओं से स्वागत कर, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट किए गए। जयश्री क्लब की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी टम्टा ने समारोह का संचालन करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण ही नहीं, हमारी आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा हैं। यह गर्व की बात है कि आज हमारा गांव अपने जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में और भी सशक्त व हरा भरा बनाने की दिशा में अग्रसर है। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों पौधे रोपे गए। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने मिलकर विभिन्न प्रकार के फलदार एवं छायादार वृक्ष लगाए। यह दृश्य न केवल हर्ष का विषय था, बल्कि एक प्रेरणा भी बनी कि कैसे सामूहिक प्रयासों से बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थितजनों ने हर पेड़ एक ज़िंदगी के नारे के साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और यह वादा किया कि वे अपने गांव को हरा-भरा बनाने में हर संभव योगदान देंगे। इस अवसर पर मोहन पवार, मनोज टम्टा, कुसुम, कमला देवी, बीना देवी, संपत्ति देवी, आनंदी, बृहस्पति देवी, निकिता, खुशी, मोना, हिमांशी, मनप्रीत, प्रियंका, मनुराज, मनुजय, जतिन आदि लोग मौजूद रहे।
जयश्री क्लब द्वारा पौधारोपण एवं जनप्रतिनिधियों का भव्य स्वागत-सम्मान समारोह आयोजित
