हल्दूचौड़/दौलिया में माधवी फाउंडेशन का 70 वां निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर सम्पन्न

हल्दूचौड़/नैनीताल/श्रीनगर गढ़वाल। आज 5 अगस्त को सेवा ही संकल्प के ध्येय वाक्य के साथ कार्यरत माधवी फाउंडेशन द्वारा मंगलवार को ग्राम सभा दौलिया-हल्दूचौड़ में 70 वां निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। प्रभु नेत्रालय के सहयोग से लगाए गए इस स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 60 से अधिक ग्रामीणों की आंखों की जांच की और उन्हें निःशुल्क दवाइयां व चश्मे उपलब्ध कराए। शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि जांच के दौरान मोतियाबिंद से ग्रसित 19 मरीजों का चयन फेको विधि द्वारा निःशुल्क ऑपरेशन के लिए किया गया। यह अत्याधुनिक शल्य प्रक्रिया बुधवार को प्रभु नेत्रालय में सम्पन्न की जाएगी,जिसमें मरीजों को बिना टांका,बिना चीरा व बिना दर्द के दृष्टि दोष से मुक्ति दी जाएगी। ऑपरेशन के लिए मरीजों की यात्रा,अस्पताल में ठहराव एवं भोजन की संपूर्ण व्यवस्था माधवी फाउंडेशन एवं प्रभु नेत्रालय द्वारा की गई है। सामाजिक सहभागिता की मिसाल बनी ग्राम सभा दौलिया शिविर के दौरान ग्राम सभा की नवनिर्वाचित प्रधान राधा कैलाश भट्ट,पूर्व प्रधान दीपा भट्ट,पूर्व युवक मंगल दल अध्यक्ष कैलाश भट्ट,विद्युत विभाग के भूतपूर्व जेई भुवन भट्ट,वरिष्ठ भाजपा नेता महेश जोशी,सामाजिक कार्यकर्ता भोला जोशी समेत अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया। विशेष सहयोग हरिओम बैंक्वेट हॉल के स्वामी विनोद दुमका द्वारा प्रदान किया गया,जिसे सभी ने सराहा। डॉ.अंकित गुप्ता की टीम ने संभाली मोर्चा शिविर में प्रभु नेत्रालय के नेत्र विशेषज्ञ डॉ.अंकित गुप्ता अपनी चिकित्सकों की टीम सहित मौजूद रहे। उनके द्वारा ग्रामीणों को अत्याधुनिक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं और परामर्श प्रदान किया गया,जिससे ग्रामीण अत्यंत लाभान्वित हुए। सेवा भाव को समर्पित माधवी फाउंडेशन-फाउंडेशन के अध्यक्ष पीयूष जोशी ने कहा हमारा संकल्प है कि चिकित्सा जैसी मूलभूत सेवा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। ग्रामीण व वंचित क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी जारी रहेंगे। इस अवसर पर पूजा जोशी,पुष्पा जोशी,करन भट्ट,जगत सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सेवा कार्य में सहयोग किया। निष्कर्षत-यह शिविर न केवल नेत्र चिकित्सा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ,बल्कि सामाजिक सहभागिता व सेवा भावना की एक प्रेरणादायी मिसाल भी प्रस्तुत की।