कोसी नदी में मछली पकड़ते समय एक युवक की मौत हो गई। तेज बहाव में बहे युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद बरामद किया

नैनीताल जिले के रामनगर कोसी बैराज के पास रविवार को 25 वर्षीय मदन कश्यप मछली पकड़ते समय हादसे का शिकार हो गया। अचानक पैर फिसलने से वह कोशी नदी के तेज बहाव में बह गया। मौके पर मौजूद साथियों ने बचाने की कोशिश की,लेकिन नाकाम रहे। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और करीब पांच घंटे की कड़ी मसक्कत के बाद युवक का शव हनुमान धाम क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की असमय मौत से पूरे बम्बाघेर क्षेत्र में शोक की लहर है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। यह घटना एक बार फिर कोसी नदी के खतरनाक बहाव की याद दिलाती है। प्रशासन बार-बार चेतावनी जारी करता है, लेकिन लापरवाही के चलते हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे।