अल्केश्वर घाट पर नगर निगम की अनोखी पहल-स्वच्छता में श्रीनगर बनेगा प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर

श्रीनगर गढ़वाल। स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितम्बर 2 अक्टूबर के अंतर्गत नगर निगम श्रीनगर द्वारा आज अल्केश्वर घाट पर एक व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम के पार्षदों,अधिकारियों,कर्मचारियों तथा पर्यावरण मित्रों ने एकजुट होकर घाट की साफ-सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाई। घाट पर फैली गंदगी और कचरे को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ व आकर्षक बनाने का संदेश दिया गया। महापौर आरती भण्डारी ने कहा स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं,बल्कि यह हमारी आदत और जिम्मेदारी बननीउ चाहिए। यदि हम सब प्रतिदिन अपने घर-आंगन और आसपास का क्षेत्र स्वच्छ रखने का संकल्प लें तो श्रीनगर निश्चित ही प्रदेश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बन सकता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि कचरे को अलग-अलग कर केवल अधिकृत पर्यावरण मित्रों को ही सौंपें,जिससे शहर की सुंदरता और आकर्षण में और वृद्धि हो सके। कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार,निगम पार्षद अंजनी भंडारी,मीना असवाल,कु.अंजना रावत,झाबर सिंह रावत,दिनेश पटवाल,देवेंद्र मणि मिश्रा,पंकज सती,प्रवेश चमोली सहित नगर निगम के अधिकारी,कर्मचारी व सफाई कर्मचारी-पर्यावरण मित्र मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर से यह संकल्प लिया कि स्वच्छता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाते हुए श्रीनगर को ‘स्वच्छ और स्वस्थ नगर’ बनाने में योगदान देंगे। स्वच्छता अपनाएं,श्रीनगर को जगमगाएं,गंदगी हटाएं,सुंदरता बढ़ाएं,स्वच्छ शहर,स्वस्थ जीवन,कचरा अलग करें,पर्यावरण बचाएं,साफ-सुथरा श्रीनगर,हमारी पहचान। स्वच्छता का यह अभियान सिर्फ सफाई तक सीमित नहीं,बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी और सांस्कृतिक जागरूकता का प्रतीक है। यदि प्रत्येक नागरिक छोटे-छोटे प्रयासों से योगदान दे,तो आने वाले समय में श्रीनगर स्वच्छ,स्वस्थ और सुंदर नगर का आदर्श बनकर पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बनेगा साफ श्रीनगर,स्वस्थ श्रीनगर।