सफाई कर्मचारियों के हक पर सख्त हुए आयोग उपाध्यक्ष, 10 साल से कार्यरत कर्मियों को नियमित करने के निर्देश हरिद्वार पहुंचे

राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने साफ शब्दों में कहा कि सफाई कर्मचारियों का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीसीआर सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने नगर निगम, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षों से सेवा दे रहे सफाई कर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 10 वर्षों से संविदा और आउटसोर्स व्यवस्था के तहत कार्य कर रहे सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर जोर दिया।भगवत प्रसाद ने बैठक के दौरान उपाध्यक्ष ने सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान, वर्दी, सुरक्षा उपकरण, आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने मृतक आश्रितों को 15 दिन के भीतर नियुक्ति देने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र सफाई कर्मचारी तक पहुंचाने के निर्देश दिए। जिला चिकित्सालय में ठेके के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को निर्धारित वेतन से कम भुगतान मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मी व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
