दिल्ली में स्वर्गीय जसपाल राणा को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

दिल्ली/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित हिमाचल भवन में उत्तराखंड के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता धीरेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में आयोजित एक श्रद्धांजलि सभा में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त निशानेबाज एवं उत्तराखंड की गौरवशाली पहचान रहे स्वर्गीय जसपाल राणा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं जन संगठनों से जुड़े लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि स्वर्गीय जसपाल राणा केवल उत्तराखंड की शान ही नहीं थे,बल्कि उन्होंने अपने अद्भुत खेल कौशल और अनुशासन के बल पर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने खेल जगत में जो उपलब्धियां हासिल की वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी। उनके योगदान को देश कभी भुला नहीं सकेगा। सभा में वक्ताओं ने कहा कि जसपाल राणा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल उत्तराखंड के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया,बल्कि यह भी साबित किया कि कठिन परिश्रम,समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर विश्व स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। उनके जीवन संघर्ष,उपलब्धियां और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेंगे। इस अवसर पर लोकदल के महामंत्री मनमोहन शाह,चिन्हित आंदोलनकारी समिति के संरक्षक अनिल पंत,चौधरी चरण सिंह ब्रिगेड के अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह,धुमाकोट महोत्सव के संरक्षक सोमपाल नेगी,किशोर रावत,पत्रकार कमल सिंह,राजा सिंह,भगत सिंह,अनूप सिंह,गुलशन जहां सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए दिवंगत खिलाड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने उत्तराखंड के चर्चित होटल प्रकरण में गिरफ्तार केसर सिंह नेगी की रिहाई की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप उचित कार्रवाई होनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय जसपाल राणा की पावन स्मृति को नमन किया तथा उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि सभा का वातावरण भावुक और श्रद्धामय बना रहा,जहां उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।
