श्रीनगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग महोत्सव आयोजित-बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगाभ्यास

श्रीनगर गढ़वाल। 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर निगम श्रीनगर एवं पतंजलि योगपीठ के तत्वावधान में रामलीला मैदान श्रीकोट गंगानाली/श्रीनगर में भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। Yoga for Healthy Ageing और Yoga for One Earth,One Health थीम पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों,सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ योग मंत्र योग: कर्मसु कौशलम के साथ हुआ। पतंजलि योगपीठ की बहनों ने उपस्थित जनमानस को विभिन्न योगासन,प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योग कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। मेयर आरती भंडारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है,जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन की दिशा दिखा रही है। उन्होंने कहा,योग केवल शरीर को मोड़ने या खींचने का अभ्यास नहीं,बल्कि यह जीवन को संतुलित,अनुशासित और सकारात्मक बनाने की कला है। नियमित योग से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। हमें योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं,बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज की दिशा में एक जनआंदोलन है। कार्यक्रम के अंत में महापौर ने पतंजलि योगपीठ के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए लोगों को संदेश दिया करें योग,रहें निरोग। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी,मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार,पार्षद गुड्डी गैरोला,अंजनी भंडारी, दिनेश पटवाल रमेश रमोला,झाबर सिंह रावत,पंकज सती,सुमित बिष्ट,व्यापार सभा श्रीनगर के निवर्तमान अध्यक्ष दिनेश असवाल,नवनिर्वाचित महासचिव छवि अग्रवाल,रोटरी क्लब श्रीनगर के अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल,अलकनंदा वैली रोटरी क्लब के अध्यक्ष एस.के.बिजल्वाण,महासचिव नवल किशोर जोशी,भागीरथी कला संगम के अध्यक्ष राजेंद्र बर्त्वाल,भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी,शिक्षक संघ के पूर्व मंडलीय अध्यक्ष शिव सिंह नेगी,पूर्व सैनिक,शिक्षक संगठन के सदस्य तथा अन्य स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
