वार्ड नंबर 12 में नशे के कारोबार से दहशत, क्षेत्रवासियों ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

किच्छा। कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 में कथित रूप से बढ़ रहे नशे के अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और चिंता व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि स्मैक समेत अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम खरीद-फरोख्त से क्षेत्र का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। परेशान लोगों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल अभियान चलाकर नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वार्ड के कुछ स्थानों पर दिन-रात नशा करने वालों और नशा बेचने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है और आम लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का आरोप है कि नशे की लत पूरी करने के लिए क्षेत्र में छोटी-मोटी चोरी और झगड़े की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने चिंता जताई कि इस माहौल का सबसे अधिक दुष्प्रभाव युवाओं और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आने के खतरे का सामना कर रही है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता है। वहीं महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी लोगों में भय का माहौल है। उनका आरोप है कि नशेड़ी सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करते हैं, जिससे परिवारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से वार्ड में नियमित गश्त बढ़ाने, नशा तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
लोगों ने चेतावनी दी कि यदि नशे के कारोबार पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो वे जन आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि वे अपने बच्चों के भविष्य और क्षेत्र की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेंगे तथा प्रशासन से शीघ्र ठोस कार्रवाई की अपेक्षा रखते हैं।
