ग्रामीण जनसंवाद के जरिए विधायक तिलक राज बेहड़ ने करोड़ों की विकास योजनाओं को दी रफ्तार

किच्छा। विधायक तिलक राज बेहड़ ने बीते दिनों ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों का दौरा कर विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने विधायक निधि एवं राज्य योजना से स्वीकृत करोड़ों रुपये की सड़क, पुलिया, गुरुद्वारा, मंदिर, श्मशान घाट एवं अन्य निर्माण परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक बेहड़ ने गिरधरपुर, मल्सी, लंका, प्रीतनगर, गंगापुर, राघवनगर, गौरीकला, कनकपुर, महाराजपुर, प्रतापपुर, इन्द्रपुर, आनंदपुर कटिंग सहित अनेक गांवों में लगभग 64 लाख रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं राज्य योजना के अंतर्गत गंगापुर में ₹86.83 लाख, कनकपुर में ₹86.75 लाख तथा अटरिया-सिडकुल नगला मार्ग के लिए लगभग ₹22.72 करोड़ की स्वीकृत सड़क परियोजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
विधायक बेहड़ ने गांव-गांव पहुंचकर सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत, आवास, जल निकासी और संपर्क मार्गों से जुड़ी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति और लोकार्पण पर विधायक का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। विधायक बेहड़ ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी तथा किसी भी विकास कार्य के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
