पौड़ी में पल्स पोलियो अभियान का भव्य शुभारंभ-दो बूंद जिंदगी की,50 हजार से अधिक बच्चों को सुरक्षित करने का संकल्प

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार को जनपद पौड़ी में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने के महाअभियान का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। जिलेभर के पोलियो बूथों पर सुबह से ही अभिभावकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं,जहां उन्होंने अपने नौनिहालों को दो बूंद जिंदगी की पिलाकर पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में सक्रिय भागीदारी निभाई। जिला चिकित्सालय पौड़ी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग ने इस बार जनपद के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 50,404 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए जिलेभर में पर्याप्त संख्या में पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही बस अड्डों,बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर ट्रांजिट टीमें तथा दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल टीमों को भी तैनात किया गया है,ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रह जाए। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा रविवार को पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच पाया है,तो आगामी दो से तीन दिनों तक मॉप-अप अभियान के तहत एएनएम,आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इसके लिए अभिभावकों से स्वास्थ्य टीम का सहयोग करने की अपील की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने जनपदवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए हर बार हर बच्चे को पोलियो की दवा पिलाना अनिवार्य है। यदि आज आपका बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाया है तो स्वास्थ्य टीम जब आपके घर आए,तो उन्हें पूरा सहयोग दें और अपने बच्चे को दो बूंद जिंदगी की अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिबद्धता के बल पर ही देश पोलियो मुक्त बना है और इस उपलब्धि को कायम रखने के लिए सभी की सहभागिता बेहद जरूरी है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर सीएमएस जिला चिकित्सालय एल.एम.सेमवाल,जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.अमित मेहरा,सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सुशील कुमार,एएनएम विधि भंडारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने में जुटे आशा,आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों,स्वयंसेवकों तथा आमजन का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की।
