उत्तराखंड जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अल्पसंख्यक शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष से की शिष्टाचार भेंट

देहरादून। उत्तराखंड जैन समाज के पदाधिकारियों ने आज अल्पसंख्यक भवन, भगत सिंह कॉलोनी, अधोईवाला में उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष सुरजीत सिंह गांधी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उत्तराखंड जैन समाज की मीडिया समन्वयक श्रीमती मधु सचिन जैन ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने सुरजीत सिंह गांधी को भारतीय ज्ञानपीठ द्वारा प्रकाशित जैन धर्म विषयक एक पुस्तक भेंट की। इस अवसर पर कक्षा 1 से 8 तक के पाठ्यक्रम में जैन धर्म से संबंधित विषयवस्तु को सम्मिलित किए जाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल के अनुरोध पर सुरजीत सिंह गांधी ने जैन धर्म से संबंधित विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया। इस पर उत्तराखंड जैन समाज के अध्यक्ष सुखमालचंद जैन एवं अन्य पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जैन समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि जैन धर्म से संबंधित विषयों को पाठ्यक्रम में स्थान मिलता है, तो इससे विद्यार्थियों को जैन दर्शन, अहिंसा, सत्य एवं नैतिक मूल्यों की जानकारी प्राप्त होगी तथा जैन धर्म के प्रचार-प्रसार को भी बल मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड जैन समाज के अध्यक्ष सुखमालचंद जैन, मीडिया समन्वयक श्रीमती मधु सचिन जैन, उपाध्यक्ष सुरेश चंद जैन तथा उपमहामंत्री डॉ. रोहित जैन उपस्थित रहे।
