देहरादून में लहराया मेडिकल कॉलेज श्रीनगर का परचम-नेत्र रोग कार्यशाला में पीजी छात्राओं ने जीते कई प्रतिष्ठित सम्मान

श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम राज्य स्तर पर लहराया है। देहरादून में आयोजित कम्युनिटी ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया (सामुदायिक नेत्र रोग विशेषज्ञ संघ) के उत्तराखंड राज्य अध्याय की एक दिवसीय अकादमिक कार्यशाला में मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के नेत्र रोग विभाग की स्नातकोत्तर (पीजी) छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनेक प्रतिष्ठित सम्मान अपने नाम किए। इस उपलब्धि ने न केवल संस्थान की अकादमिक गुणवत्ता को नई पहचान दिलाई है,बल्कि यह भी सिद्ध किया है कि मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के विद्यार्थी राज्य स्तर की प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। कार्यशाला में नेत्र रोग विभाग की एम.एस.(प्रथम वर्ष) की छात्राओं डॉ.भावना एवं डॉ.श्वेता ने ज्ञान,आत्मविश्वास और विषय की गहरी समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के रैपिड फायर सत्र में डॉ.भावना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया,जबकि डॉ.श्वेता ने द्वितीय स्थान हासिल कर विभाग की उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ दिया। यही नहीं बेस्ट पीजी ट्रॉफी प्रतियोगिता में भी दोनों छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में डॉ.भावना ने द्वितीय तथा डॉ.श्वेता ने तृतीय स्थान प्राप्त कर मेडिकल कॉलेज श्रीनगर का नाम पूरे उत्तराखंड में गौरवान्वित किया। इन उपलब्धियों ने यह साबित कर दिया कि संस्थान में विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ.ए.एन.पांडेय ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत,अनुशासन,निरंतर अध्ययन और विषय के प्रति समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों,नवीन शोध,नैदानिक कौशल तथा अकादमिक गतिविधियों से निरंतर जोड़ने का प्रयास करता है,जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों छात्राएं भविष्य में भी संस्थान का नाम देशभर में रोशन करेंगी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने इस उपलब्धि पर छात्राओं,विभागाध्यक्ष एवं संपूर्ण नेत्र रोग विभाग को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के विद्यार्थी लगातार विभिन्न अकादमिक,शोध एवं वैज्ञानिक मंचों पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां संस्थान की सुदृढ़ शैक्षणिक व्यवस्था,अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का प्रमाण हैं। भविष्य में भी संस्थान विद्यार्थियों को अनुसंधान,नवाचार,नैदानिक दक्षता और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा। छात्राओं की इस उल्लेखनीय सफलता पर मेडिकल कॉलेज के समस्त शिक्षकों,चिकित्सकों,रेजिडेंट डॉक्टरों,कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों विजेता छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि से पूरे संस्थान में उत्साह का माहौल है तथा इसे मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
