राष्ट्रवादी सोच के साथ आगे बढ़ेगा उत्तराखंड का युवाः विकास शर्मा
- कुंदन लटवाल का रुद्रपुर में जोरदार स्वागत और अभिनंदन
रुद्रपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष युवा कल्याण सलाहकार (दर्जा राज्य मंत्री) कुंदन लटवाल के प्रथम रुद्रपुर आगमन पर यहाँ का राजनीतिक और सामाजिक माहौल पूरी तरह ऊर्जावान नजर आया। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चे के पदाधिकारियों ने उनका फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान महापौर विकास शर्मा ने यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने युवाओं के कल्याण, उत्थान और उनके नेतृत्व को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से कुंदन लटवाल को पुनः एक बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री लटवाल के लंबे सांगठनिक अनुभव और ओजस्वी नेतृत्व का सीधा लाभ उत्तराखंड के दूर-दराज के क्षेत्रों तक के युवाओं को मिलेगा। वे गांव, शहर और बस्तियों तक व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास और उचित मार्गदर्शन के माध्यम से प्रदेश की युवा शक्ति को एक नई और सकारात्मक दिशा प्रदान करने का काम करेंगे।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और उज्जवल बनाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है। सरकार का मुख्य फोकस युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी रोजगार और नेतृत्व के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड का युवा दिशाहीन नहीं है, बल्कि वह राज्य और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर रहा है। कुंदन लटवाल के मार्गदर्शन में यह युवा शक्ति राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मूल्यों को सर्वाेपरि रखते हुए और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।
इस अवसर पर महापौर ने देश की राजनीति और हालिया दिल्ली के घटनाक्रम को लेकर विपक्षी दलों पर बेहद तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश के अधिकांश राज्यों में विपक्ष, विशेषकर वामपंथी विचारधारा, जनता का पूरी तरह से विश्वास खो चुकी है। आम जनता ने उन्हें नकार दिया है, जिसके चलते वे अपनी राजनीतिक जमीन पूरी तरह खो चुके हैं। अब अपनी राजनीतिक वजूद को बचाने के लिए वे केवल और केवल झूठे नैरेटिव गढ़ने और समाज में भ्रम फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
महापौर ने कहा कि आज देश का छात्र और युवा पूरी तरह से समझदार हो चुका है और वह राजनीति के बहकावे में आने के बजाय अपनी पढ़ाई, परीक्षाओं और अपने उज्जवल भविष्य पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रहा है। देश में परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो चुकी हैं और विद्यार्थी अपनी मेहनत के बल पर लगातार सफलता भी हासिल कर रहे हैं। इसके बावजूद राजनीतिक स्वार्थ और रोटियां सेकने के लिए कुछ लोग जानबूझकर अनावश्यक विवाद और बवंडर खड़े करने में जुटे हुए हैं।
लोकतंत्र के नाम पर हो रही अराजकता पर करारा प्रहार करते हुए महापौर ने कहा कि हमारे देश के संविधान ने हर नागरिक और संगठन को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार दिया है, लेकिन विरोध प्रदर्शन या आंदोलन के नाम पर प्रधानमंत्री आवास और देश की सर्वाेच्च संस्था संसद का घेराव करना, तथा कानून के रखवाले पुलिसकर्मियों पर हिंसक हमले करना किसी भी स्थिति और दृष्टि से उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने दो टूक कहा कि इस प्रकार के उपद्रवी और अराजक कृत्य कभी भी अनुशासित विद्यार्थियों और देश के जिम्मेदार युवाओं की पहचान नहीं हो सकते।
महापौर विकास शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश विरोधी मानसिकता वाले कुछ निहित स्वार्थी तत्व और बाहरी विदेशी शक्तियां भारत की वैश्विक प्रगति से पूरी तरह बौखलाई हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गतिशील और दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी साख को और अधिक मजबूत किया है। देश में आतंकवाद, काले धन और जाली नोटों के अवैध नेटवर्क के खिलाफ लगातार कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की निर्णायक कार्रवाइयों से देश विरोधी ताकतों में खलबली मची हुई है, और यही कारण है कि वे भारत के भीतर अस्थिरता का माहौल पैदा करने के लिए सुनियोजित साजिशें रच रही हैं। लेकिन उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि आज का भारतीय और उत्तराखंड का युवा पूरी तरह जागरूक है और वह देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित के साथ अटूट रूप से खड़ा है।
इस दौरान अपने संबोधन में युवा कल्याण सलाहकार एवं दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा हमेशा से राष्ट्रवाद, वीरता और सेवाभाव की संस्कृति का वाहक रहा है। उत्तराखंड का युवा राष्ट्रवाद, कर्तव्यनिष्ठा और सकारात्मक सोच के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है। आज का युवा केवल अपने निजी भविष्य को लेकर ही नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, सुरक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह सजग है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता युवाओं को हर मोर्चरी पर सशक्त बनाना है। विपक्ष के तमाम षड्यंत्रों और भ्रम फैलाने वाले प्रयासों को उत्तराखंड का जागरूक युवा अपने अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से पूरी तरह विफल कर देगा। हम सब मिलकर प्रदेश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ेंगे और उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाएंगे।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष बिट्टू चौहान, जिला उपाध्यक्ष रचित सिंह, अंकित गंगवार, उमेश सिंह, दीपक राठोर, मण्डल उपाध्यक्ष गोविंद शर्मा आदि मौजूद थे।
