अमर बलिदानी श्रीदेव सुमन को उत्तरकाशी पुलिस का नमन, पूरे जनपद में हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने अमर शहीद श्रीदेव सुमन को अर्पित की श्रद्धांजलि
अमर शहीद एवं टिहरी जनक्रांति के महानायक श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर शनिवार को उत्तरकाशी पुलिस ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस लाइन ज्ञानसू में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा को नमन किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रीदेव सुमन ने टिहरी रियासत के अन्याय, अत्याचार और दमनकारी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपना सर्वस्व राष्ट्र और जनहित के लिए समर्पित कर दिया। उनका बलिदान सत्य, न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन साहस, त्याग और जनहित के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है, जिससे नई पीढ़ी को निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।
सुमन दिवस के अवसर पर जनपद की सभी कोतवाली, थानों, शाखाओं एवं पुलिस स्टेशनों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अमर बलिदानी श्रीदेव सुमन को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। पूरे जनपद में श्रद्धा और सम्मान के साथ सुमन दिवस मनाया गया।
