गन्ना कृषक कन्या महाविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार की व्यापक जांच हो- डॉ गणेश उपाध्याय

किच्छा। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डॉ गणेश उपाध्याय ने आज जिला गन्ना अधिकारी से सहकारी गन्ना विकास समिति किच्छा में मुलाकात कर गन्ना कृषक कन्या महाविद्यालय में विगत कई वर्षों से चल रहे भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की मेहनत के पैसे से गन्ना कृषक कन्या महाविद्यालय में बेटियों का भविष्य उज्जवल बनाने के लिए इसकी स्थापना की गई थी।उन्होंने कहा सिर्फ एक व्यक्ति की मनमर्जी और तानाशाही पूर्ण रवैया के कारण आज यह विद्यालय बंद हो चुका है। सिर्फ विद्यालय बंद नहीं हुआ बल्कि कई होनहार छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। श्री उपाध्याय ने जिला गन्ना अधिकारी से गन्ना कृषक कन्या महाविद्यालय के बैंक अकाउंट्स और चल अचल संपत्ति की रक्षा करने की मांग की। जिला गन्ना अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि गन्ना कृषक कन्या महाविद्यालय की चल अचल संपत्ति की हर प्रकार से रक्षा की जाएगी तथा विगत वर्षों के कार्यकाल का भी लेखा जोखा तथा भ्रष्टाचार की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी।उन्होंने गन्ना कृषक कन्या महाविद्यालय की प्रधानाचार्य को समस्त बैंक अकाउंट की जानकारी सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति शिक्षा को देने के निर्देश दिए। जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि गन्ना कृषक कन्या महाविद्यालय के कार्य गठन के समय निर्मित बायलाज के अनुसार ही चलेंगे। डॉ गणेश उपाध्याय ने कहा कि गन्ना कृषक कन्या महाविद्यालय की चल अचल संपत्ति को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ महिपाल सिंह बोरा महामंत्री उत्तराखंड किसान कांग्रेस भी उपस्थित थे।
