भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहा अल्पसंख्यक

जसपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित अल्पसंख्यक सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार अल्पसंख्यक समाज के उत्थान और विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लगातार अल्पसंख्यक समाज के बीच पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं तथा लोगों को भाजपा की नीतियों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
वक्ताओं ने दावा किया कि बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग भाजपा की विचारधारा एवं विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ पुनः सरकार बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ एवं प्रभारी राकेश गिरी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने भी सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन शरीफ अहमद ने किया। इस अवसर पर सरकारी सेवाओं में चयनित अल्पसंख्यक समाज के प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित भी किया गया।
सम्मेलन में सांसद प्रतिनिधि तीरथ सिंह, नफीस सिद्दीकी, विनीत चौहान, फैजल, राजा, रईस अहमद, फखरुद्दीन, शमीम प्रधान, नईम प्रधान, उस्मान, शब्बू, सादिक अली, तौफिक अहमद, सरफराज, सारिम, जमीर अहमद, सुरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
