जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने की पहल-नव नियुक्त सीएमओ डॉ.मेघना असवाल से चिकित्सकों का सार्थक संवाद

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़,प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल शुरू हो गई है। नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल से प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ जनपद पौड़ी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की व्यावहारिक समस्याओं तथा आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर व्यापक एवं सकारात्मक चर्चा हुई। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के अध्यक्ष डॉ.निशांत गर्ग,महासचिव डॉ.सौरभ बोटियाल तथा सचिव डॉ.विकास सरनालिया के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल का पुष्पगुच्छ एवं शुभकामनाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊर्जा और प्रभावी दिशा मिलेगी। बैठक के दौरान चिकित्सकों ने जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं,संसाधनों की आवश्यकता,चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सेवा संबंधी व्यावहारिक समस्याओं,दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों तथा चिकित्सा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही आमजन तक गुणवत्तापूर्ण,सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए कई रचनात्मक सुझाव भी प्रस्तुत किए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने कहा कि जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। चिकित्सकों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान,स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और चिकित्सकों के बीच बेहतर संवाद,पारदर्शिता एवं समन्वय ही स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बना सकता है। सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से जनपद के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य किया जाएगा। सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई इस बैठक में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ.मेघना असवाल के कुशल नेतृत्व,दूरदर्शी सोच एवं प्रशासनिक अनुभव से जनपद पौड़ी की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। साथ ही चिकित्सकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से मरीजों को अधिक प्रभावी,सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा। यह शिष्टाचार भेंट केवल औपचारिक मुलाकात नहीं रही,बल्कि जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक मजबूत,संवेदनशील और जनहितैषी बनाने की दिशा में एक सार्थक संवाद के रूप में देखी जा रही है।
