युवा शक्ति के भरोसे कांग्रेस का संगठन विस्तार-श्रीनगर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ बूथ सशक्तिकरण का संकल्प

श्रीनगर गढ़वाल। जनाधार को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और युवाओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को श्रीनगर में कांग्रेस का संगठनात्मक अभियान नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ता दिखाई दिया। महानगर कांग्रेस कमेटी श्रीनगर द्वारा आयोजित बूथ स्तरीय अभिकर्ता (बीएलए-2) कार्यकर्ताओं की बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती,मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास व्यक्त करते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की,जिससे संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय,मजबूत और जनसंपर्क आधारित बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। यदि बूथ मजबूत होगा तो संगठन स्वतः मजबूत होगा और जनता का विश्वास भी लगातार बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज हो, इसके लिए बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से संपर्क स्थापित करने,पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी देने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान,लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की पक्षधर रही है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का दायित्व निभाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं,बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करना और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। बैठक के दौरान श्रीनगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं ने कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नवप्रवेशी युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी संगठन में नई सोच,नई ऊर्जा और नई दिशा लेकर आएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवयुवक पूरी निष्ठा के साथ जनता के बीच कार्य करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे। सदस्यता ग्रहण करने वालों में दिव्यांशु,हिमांशु रावत,आयुष,आदित्य,मनीष,सागर,अरुण कुमार,पंकज,ऋषभ बिंदोला,पृथ्वीराज,तनुज पुरी,अर्जुन,करण,अभय,यशराज,मयंक,अभिषेक,कृष,गौतम,प्रियांशु,विवेक पटवाल,वीरेंद्र राणा,अनिल भंडारी,चेतराम सती,नारायण दत्त चमोली,गणेश सेमवाल,सूरज तथा अमन प्रमुख रूप से शामिल रहे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार,जनसंपर्क अभियान,आगामी राजनीतिक गतिविधियों तथा जनहित के मुद्दों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का भी संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति हैं तथा कांग्रेस इसी आधार पर जनविश्वास को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।
