तिरंगे के रंग में रंगा देवप्रयाग-भारत माता के जयघोष से गूंजा तीर्थनगरी का नगर

देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत देवप्रयाग नगर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर पालिका परिषद देवप्रयाग के कर्मचारियों एवं राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से नगर में तिरंगा रैली निकालकर देशप्रेम का संदेश दिया। रैली के दौरान हाथों में लहराता तिरंगा और गूंजते भारत माता की जय के नारों से तीर्थनगरी का वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। नगर के प्रमुख मार्गों से निकली रैली ने आमजन में भी राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। नगर पालिका परिषद देवप्रयाग के कर्मचारियों द्वारा तहसील कार्यालय देवप्रयाग से बाइक तिरंगा रैली का शुभारंभ किया गया। बाइक सवार कर्मचारी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय के उद्घोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पेट्रोल पंप तक पहुंचे। तिरंगे से सजी बाइक और देशभक्ति के नारों ने पूरे मार्ग पर राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना दिया। इस दौरान लोगों ने भी रैली को उत्साहपूर्वक देखा और देशभक्ति के इस आयोजन की सराहना की। विद्यार्थियों ने भी बढ़ाया राष्ट्रभक्ति का जोश राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के छात्र-छात्राओं ने भी तिरंगा रैली में उत्साहपूर्वक भागीदारी की। युवाओं ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता,अखंडता और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया। युवाओं ने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता,शौर्य,बलिदान और गौरव का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करे और देशहित में अपनी जिम्मेदारी निभाए। तिरंगा रैली में तहसीलदार देवप्रयाग ओंकरानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय देवप्रयाग के प्राचार्य सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने तिरंगा अभियान को सफल बनाने के साथ ही आमजन को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद देवप्रयाग से सुरेश पंत,मनीष भट्ट,अनूप कुमार,राजेंद्र कुमार,इंद्र दत्त रतूड़ी,रमेश,गौतम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। देवप्रयाग की ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी में निकाली गई तिरंगा रैली ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और खास बना दिया। रैली के माध्यम से नगरवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ-साथ देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है,बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के भीतर राष्ट्रप्रेम,जिम्मेदारी और देश के प्रति गौरव की भावना को जागृत करने का अभियान है। देवप्रयाग में निकली तिरंगा रैली इसी भावना की जीवंत मिसाल बनी।
