रांसी स्टेडियम में 389 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम-मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के लिए प्रतिभाओं की कड़ी परीक्षा

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आयोजित जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पौड़ी के रांसी स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल में जिलेभर से चयनित कुल 389 बालक-बालिकाओं ने विभिन्न खेलों में दमखम दिखाया। जिला खेल कार्यालय पौड़ी की ओर से आयोजित इस चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने कौशल,शारीरिक क्षमता,खेल तकनीक और प्रदर्शन के दम पर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। दो दिनों तक चले ट्रायल में 12 खेलों को शामिल किया गया। पहले दिन 251 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा चयन ट्रायल के पहले दिन 12 अगस्त को विकासखंड,नगर पालिका एवं नगर निगम स्तर पर चयनित 14 से 17 आयुवर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें 150 बालक और 101 बालिकाओं,यानी कुल 251 खिलाड़ियों ने 12 खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखते ही बना। दूसरे दिन 138 खिलाड़ियों ने दिखाई खेल प्रतिभा चयन ट्रायल के दूसरे दिन 13 अगस्त को 17 से 19 आयुवर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिला। इस आयुवर्ग में 91 बालक और 47 बालिकाओं सहित कुल 138 खिलाड़ियों ने 12 खेलों में प्रतिभाग किया। दोनों दिनों में खिलाड़ियों ने अपनी खेल क्षमता,फिटनेस और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन करते हुए चयन प्रक्रिया में अपनी दावेदारी मजबूत की। जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा और प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। खिलाड़ियों की क्षमता,प्रदर्शन और खेल कौशल को चयन प्रक्रिया का आधार बनाया गया। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। इस प्रकार के चयन ट्रायल प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। पौड़ी जैसे पर्वतीय जनपद में बड़ी संख्या में युवा विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा रखते हैं। संसाधनों और उचित मंच के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के माध्यम से ऐसे खिलाड़ियों को चिन्हित कर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है। जनपद स्तरीय चयन ट्रायल में बालक-बालिकाओं की उत्साहजनक भागीदारी ने यह भी साबित किया कि पौड़ी जनपद में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित मार्गदर्शन,प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की है। चार विभागों ने संभाली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी चयन ट्रायल के सफल संचालन में शिक्षा विभाग,स्वास्थ्य विभाग,युवा कल्याण विभाग तथा जिला खेल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। संबंधित विभागों के समन्वय से दो दिवसीय चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया गया। आयोजकों ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा,ताकि यहां के खिलाड़ी जिला,राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
