पाबों में 3.24 करोड़ की लागत से तुंगडुंडा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग का लोकार्पण

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड पाबों के ग्रामीणों को सोमवार को सड़क सुविधा की बड़ी सौगात मिली। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने तुंगडुंडा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का विधिवत लोकार्पण किया। करीब पांच किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के डामरीकरण पर 324.26 लाख रुपये की लागत आई है। सड़क के डामरीकरण से भैंसवाड़ा,तुंगडुंडा,सिर्किल,कलुण सहित आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजकुमार पोरी ने क्षेत्रवासियों को मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य की बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में सड़क संपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेहतर सड़क सुविधा से न केवल आवागमन आसान होता है,बल्कि शिक्षा,स्वास्थ्य,रोजगार और बाजार तक ग्रामीणों की पहुंच भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना है। जिन क्षेत्रों में सड़कें पहले से पहुंच चुकी हैं,वहां उनके डामरीकरण,सुधारीकरण और आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सकेगी। विधायक ने कहा कि सड़क सुविधा बेहतर होने से क्षेत्र के किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीण अपने कृषि एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को आसानी से नजदीकी बाजारों तक पहुंचा सकेंगे। वहीं विद्यार्थियों,कर्मचारियों,मरीजों और आम यात्रियों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क के साथ-साथ पेयजल,शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विकास योजनाओं का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाना है। मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य के लोकार्पण से क्षेत्रीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की स्थिति बेहतर होने से बरसात और अन्य मौसम में आवागमन में होने वाली परेशानियां कम होंगी। लंबे समय से सड़क के बेहतर डामरीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी,जिसके पूरा होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में किसान आयोग सदस्य ओमप्रकाश जुगराण,सहायक अभियंता लोनिवि अंकिता सक्सेना,कनिष्ठ अभियंता राखी कल्याण,विधायक प्रतिनिधि सुशील रावत सहित कमला पंत,मनोज जखमोला,राकेश रुडोला एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। तुंगडुंडा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग का डामरीकरण पूरा होने से पाबौ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी शेष ग्रामीण सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।
