जेएनवी पौखाल में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर विज्ञान और नवाचार की गूंज,अंतरिक्ष प्रश्नोत्तरी में नीलगिरी सदन अव्वल

पौखाल/टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल टिहरी गढ़वाल में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस उत्साह,उमंग और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करने के साथ उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण,जिज्ञासा,नवाचार और भारत की अंतरिक्ष क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों के प्रति गौरव की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के संयोजक भौतिक विज्ञान के स्नातकोत्तर शिक्षक मोहसिन खान रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता के साथ हुआ। इस अवसर पर पंजाबी विषय के प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक लखविंदर तथा कक्षा छठी ए के छात्र आरव पंवार ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के महत्व और भारत की अंतरिक्ष यात्रा पर प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अंतरिक्ष प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रही। इसका संचालन कक्षा नौवीं बी के उदयगिरि सदन के छात्र आदित्य ने किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अंतरिक्ष विज्ञान,भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान और वैज्ञानिक उपलब्धियों से जुड़े प्रश्नों का आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। प्रतियोगिता में नीलगिरी सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं उदयगिरि सदन और शिवालिक सदन संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे,जबकि अरावली सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के परिणामों ने विद्यार्थियों की विज्ञान एवं अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित जानकारी और रुचि को भी प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा बारहवीं ए की छात्रा अनन्या ने प्रभावशाली ढंग से किया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों के साथ अन्य छात्रों ने भी सक्रिय सहयोग किया। विद्यालय के अटल नवाचार प्रयोगशाला के समन्वयक अथर्व सिलमाना ने कार्यक्रम की महत्वपूर्ण गतिविधियों का छायांकन किया,जबकि प्रश्नोत्तरी की तैयारी में नीरज बघेल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक जया सुंदरियाल,प्रिया रानी,पुस्तकालयाध्यक्ष वागेश्वर दत्त शर्मा तथा प्रवेश भट्ट सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान एवं वैज्ञानिक उपलब्धियों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारत की अंतरिक्ष यात्रा,वैज्ञानिक उपलब्धियों और अंतरिक्ष अनुसंधान के महत्व से परिचित कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान केवल वैज्ञानिक अनुसंधान तक सीमित नहीं है,बल्कि मौसम पूर्वानुमान,संचार,कृषि,आपदा प्रबंधन,नेविगेशन और शिक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानाचार्य मोहित कुमार के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम से जुड़े सभी शिक्षकों,विद्यार्थियों,आयोजन समिति तथा विशेष रूप से कक्षा ग्यारहवीं के छात्रों का आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव रहा। कार्यक्रम ने जहां विद्यार्थियों में भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों के प्रति गर्व की भावना को मजबूत किया,वहीं वैज्ञानिक सोच,जिज्ञासा,तर्कशीलता और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को यह प्रेरणा दी कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नई संभावनाओं की तलाश करते हुए वे भविष्य में देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
