पर्वों की मिठास में मिलावट का जहर घोलने वालों पर शिकंजा-श्रीनगर व कोटद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। त्योहार खुशियों और मिठास के होते हैं, लेकिन इसी मिठास में मिलावट का जहर घोलने वालों पर प्रशासन ने अब निगाहें टेढ़ी कर दी हैं। आगामी रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए श्रीनगर और कोटद्वार क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता,स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देशन में विभागीय टीम ने श्रीनगर और कोटद्वार क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करते हुए सैंपलिंग की कार्रवाई की। कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में संचालित विशेष अभियान के तहत श्रीनगर-कोटद्वार में कुल 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के 10 नमूने संग्रहित किए गए,जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग द्वारा लिए गए नमूनों में 5 विधिक तथा 5 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के दौरान मिठाई एवं नमकीन की दुकानों पर विशेष निगरानी रखी। कुल संग्रहित नमूनों में 6 नमूने मिठाई एवं नमकीन तथा 4 नमूने अन्य खाद्य पदार्थों के शामिल हैं। हालांकि अभियान के दौरान मिल्क एवं मिल्क प्रोडक्ट का कोई नमूना नहीं लिया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई,खाद्य पदार्थों के रख-रखाव,पैकेजिंग और लेबलिंग सहित विभिन्न खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। विभागीय टीम ने ऐसे पैक्ड खाद्य पदार्थों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया,जिन पर आवश्यक जानकारी,लेबल अथवा तिथि अंकित नहीं थी। अभियान के दौरान बिना लेबल एवं बिना तिथि अंकित पैक्ड खाद्य सामग्री,जिसमें बेकरी उत्पाद और नमकीन आदि शामिल थे जो कि नियमानुसार नष्ट कराया गया। साथ ही मिठाई एवं स्वीट शॉप संचालकों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य पी.सी.जोशी ने बताया कि खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों,स्वच्छता तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। प्रयोगशाला जांच में यदि किसी खाद्य पदार्थ के मानकों पर खरा न उतरने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को साफ संदेश-नियमों का करें पालन
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य केवल सैंपल लेना ही नहीं,बल्कि खाद्य कारोबारियों को नियमों के प्रति जागरूक करना भी रहा। अधिकारियों ने दुकानदारों से खाद्य पदार्थों को ढककर रखने,प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने,पैक्ड सामग्री पर आवश्यक लेबल एवं तिथि अंकित करने तथा खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का पालन करने को कहा। त्योहारी सीजन में मिठाई,नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट और घटिया गुणवत्ता की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में श्रीनगर-कोटद्वार में चलाया गया यह प्रवर्तन अभियान आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और उनके भरोसे की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभियान के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य पी.सी.जोशी,तहसीलदार दीपक भंडारी एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल तथा कोटद्वार में तहसीलदार सनवाल,वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा एवं राजस्व उपनिरक्षक अमित नेगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का साफ संदेश है कि त्योहारों की खुशियों के बीच आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
