हल्द्वानी रामलीला मैदान प्रकरण को लेकर कांग्रेस मुखर-दोषियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग

श्रीनगर गढ़वाल। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। श्रीनगर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल ने इस प्रकरण को गंभीर बताते हुए संबंधित दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि रामलीला मैदान जैसे सार्वजनिक स्थल पर एक प्रमुख राजनीतिक एवं संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कथित तौर पर यज्ञ एवं गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किया गया तथा इसका वीडियो बनाकर सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित किया गया। कांग्रेस ने इसे अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के लोगों के सार्वजनिक अपमान तथा सामाजिक भेदभाव से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि सार्वजनिक स्थान किसी एक वर्ग या समुदाय के नहीं,बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक के लिए समान रूप से होते हैं। ऐसे में किसी व्यक्ति अथवा समुदाय की मौजूदगी के बाद किसी सार्वजनिक स्थल का कथित शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है तथा जाति के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। शिकायत पत्र में राज्यसभा में विपक्ष के नेता द्वारा इस मामले को सदन में उठाए जाने का भी उल्लेख किया गया है। कांग्रेस का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में छुआछूत एवं जातिगत भेदभाव जैसी पुरानी कुरीतियों को बढ़ावा देने वाली मानसिकता को प्रदर्शित करती हैं। पार्टी ने पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की है। कांग्रेस ने शिकायत में भारतीय जनता पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं की ओर से इस मामले पर दिए गए कथित बयानों का भी उल्लेख किया है। पार्टी का आरोप है कि घटना को लेकर सामने आए बयानों से मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि किसी भी राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर कानून के अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायत पत्र में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम,भारतीय संविधान के प्रावधानों तथा अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही शिकायतकर्ता ने संबंधित थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले में तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सूरज घिल्डियाल ने कहा कि देश का संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। सार्वजनिक जीवन में जाति के आधार पर किसी व्यक्ति अथवा समुदाय के साथ भेदभाव की कोई भी घटना समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस एवं प्रशासन को निष्पक्षता के साथ कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए,ताकि समाज में भाईचारा,समानता और सामाजिक समरसता कायम रहे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश सचिव वीरेंद्र सिंह नेगी,नगर अध्यक्ष निशांत प्रताप कंडारी,श्रीकोट ब्लॉक अध्यक्ष संजय कुमार फौजी,श्रीकोट नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद भट्ट,युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप नेगी,पूर्व सभासद शिवलाल,रघुवीर लाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी सामाजिक समानता,संविधान की गरिमा और प्रत्येक नागरिक के सम्मान के पक्ष में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
