15वीं नेशनल वोविनाम चैंपियनशिप में उत्तराखंड शिरमौर, चैंपियन ट्रॉफी पर किया कब्जा

रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर। जम्मू के इंडोर स्टेडियम, भगवती नगर में 3 से 6 सितम्बर 2026 तक आयोजित चार दिवसीय 15वीं नेशनल वोविनाम चैंपियनशिप में उत्तराखंड ने 25 राज्यों से आए लगभग 1000 खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए शिरमौर बनकर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की है।
यह प्रतियोगिता वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, महासचिव शंकर महाबले एवं तकनीकी निदेशक देवेन जी की देखरेख में संपन्न हुई तथा वोविनाम एसोसिएशन ऑफ जम्मू एंड कश्मीर के सौजन्य से आयोजित की गई थी।
जानकारी देते हुए वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष ऋषिपाल भारती ने बताया कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तराखंड राज्य से 93 खिलाड़ियों एवं 17 रेफरी / ऑफिशियल्स सहित कुल 110 सदस्यों के दल ने प्रतिभाग किया। उन्होंने शानदार प्रतियोगिता के आयोजन के लिए वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं वोविनाम एसोसिएशन ऑफ जम्मू एंड कश्मीर के महासचिव बृजेश भाऊ का आभार व्यक्त किया और बेहतरीन प्रतियोगिता आयोजित करने एवं उत्कृष्ट फैसिलिटी उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी
उत्तराखंड के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में बबीता और जशनदीप सिंह (टीम इवेंट), रुनू शर्मा और मिंकू ठाकुर (टीम इवेंट), धैर्य भड़ाना, मानस डालाकोटी, मयंक दानू, सिद्धार्थ जोशी, लक्ष्य अधिकारी, गर्वित सिंह मेहता, कुलश्रेष्ठ, आर्य बहेटिया, सागर सिंह अधिकारी, सिद्धार्थ सिंह, मिंकू ठाकुर, हर्षित कुमार, आदित्य, अजय शर्मा, मीत दावरानी, शिवान्या कल्याण, शिविका अग्रवाल, सुनंदा रावत, लक्ष्मी चौहान, यशिका बिष्ट, बबीता अधिकारी, अपराजिता श्रीवास्तव, भूमि मान, भाविका त्रेहान, करुणा लखेरा और पलक बलूटिया शामिल रहे।
पदक तालिका में उत्तराखंड नंबर 1
अपने शानदार खेल के दम पर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर चैंपियंस टीम बनने का गौरव प्राप्त किया। अधिकारिक परिणाम के अनुसार उत्तराखंड ने 28 स्वर्ण, 20 रजत और 23 कांस्य पदक जीतकर कुल 223 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 21 स्वर्ण, 14 रजत, 17 कांस्य पदक और 164 अंकों के साथ महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर रहा, जबकि 13 स्वर्ण, 7 रजत, 14 कांस्य पदक और 100 अंकों के साथ उत्तर प्रदेश तीसरे स्थान पर रहा।
टीम की इस ऐतिहासिक जीत पर वोविनाम एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के उपाध्यक्ष एवं तकनीकी निदेशक देवेंद्र सिंह रावत ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य में वोविनाम खेल विगत कई वर्षों से खेला जा रहा है और अपनी बढ़ती लोकप्रियता के कारण इस बार उत्तराखंड से सबसे अधिक संख्या में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि वोविनाम खेल ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) द्वारा मान्यता प्राप्त है एवं एशियन इंडोर एंड मार्शल आर्ट गेम्स, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में शामिल है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार एवं खेल निदेशालय, उत्तराखंड द्वारा खिलाड़ियों को निरंतर सहयोग दिए जाने पर आभार जताया।
महासचिव विनोद लखेरा ने बताया कि उक्त प्रतियोगिता का कवरेज डीडी स्पोर्ट्स द्वारा किया गया है, जिसका प्रसारण जल्द ही किया जाएगा। अध्यक्ष ऋषिपाल भारती ने बताया कि जल्द ही राज्य संघ द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में एक सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, राज्य दर्जा मंत्री कुलदीप बुटोला, मोहन पाठक, किशोर जोशी, आरोही फाउंडेशन निदेशक डॉ पंकज तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुग, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, उत्तरांचल ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डी.के. सिंह, सतनाम चावला, ए.जे. बुटसर, विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, तेजराम बघेल, डॉ. संतोष कुमार, विनोद वैद्य, अमित सिंह चौधरी, मुकेश पाल, विश्वकेतु वैद्य, गंगा मेहरा, नरेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, मयंक श्रीवास्तव, रनू शर्मा, गुलशन कुमार, रीता आर्या, क्षितिज सिंह, रिया और भूमिका सहित अनेक गणमान्य लोगों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों ने टीम को बधाई दी।
