नियमितीकरण और नियुक्ति की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी पुनःधरने पर

बाजपुर। नियमितीकरण और नई नियुक्तियों की मांग को लेकर सफाई कर्मचारियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। कर्मचारियों ने दोबारा धरना शुरू करते हुए सफाई आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना का पुतला फूंककर विरोध जताया।
आंदोलनरत कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी मांगों के समाधान को लेकर पहले दो महीने के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को लेकर उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं।
सफाई कर्मचारियों के मुताबिक बाजपुर में आखिरी बार वर्ष 1988-89 के आसपास नियुक्तियां हुई थीं। इसके बाद नियमित नियुक्तियां नहीं होने के कारण कर्मचारियों की संख्या में कमी आई है, जिसका असर नगर की सफाई व्यवस्था पर भी पड़ रहा है।
मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने सफाई आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने बाजपुर की जनता से भी सफाई कार्य प्रभावित होने के लिए माफी मांगी।
आंदोलनरत कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक नियुक्ति और उनकी अन्य मांगों को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे बाजपुर में सफाई कार्य नहीं करेंगे। कर्मचारियों के इस ऐलान से आने वाले दिनों में नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।
