राज्य
मसूरी में भारी बारिश में भी नहीं थमे कदम, नगर कीर्तन में गूंजा सेवा और भाईचारे का संदेशगुरु सिंह सभा का 109वां सालाना उत्सव शुरू, लंढौर से गांधी चौक तक निकली भव्य शोभायात्रा; मंत्री गणेश जोशी ने गुरुद्वारा साहिब में टेका मत्थाआसमान से बरसती तेज बारिश भी सिख समाज की आस्था के कदम नहीं रोक सकी। गुरु सिंह सभा के 109वें सालाना उत्सव के शुभारंभ पर लंढौर गुरुद्वारे से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। बारिश के बीच श्रद्धालु गुरु की महिमा का गुणगान करते हुए गांधी चौक स्थित गुरुद्वारा पहुंचे। नगर कीर्तन के दौरान शहर में भक्ति, सेवा और भाईचारे का संदेश गूंजता रहा। नगर कीर्तन गुरुद्वारा लंढौर से शुरू होकर मलिंगार, लंढौर बाजार, घंटाघर, शहीद भगत सिंह चौक, इंदमणि बडोनी चौक और मालरोड होते हुए गांधी चौक गुरुद्वारा पहुंचा। सबसे आगे पंच प्यारे चल रहे थे। उनके पीछे महिलाएं कीर्तन करते हुए चल रही थीं। एक सुसज्जित वाहन में गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन की व्यवस्था की गई थी और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। नगर कीर्तन में ब्रास बैंड के साथ गुरु नानक स्कूल के बैंड ने भी प्रस्तुति दी। वहीं गतका पार्टी ने तलवारबाजी और अन्य हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को आकर्षित किया। भारी बारिश के बावजूद नगर कीर्तन को देखने और इसमें शामिल होने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही।लंढौर गुरुद्वारे में आयोजित 109वें सालाना दीवान कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी शिरकत की। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। गणेश जोशी ने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, सेवा, भाईचारे, समानता और सद्भाव का संदेश देती हैं। ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने के साथ युवा पीढ़ी को सेवा और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मसूरी की गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारा उत्तराखंड की पहचान है।इस अवसर पर गुरुद्वारे में शबद कीर्तन और व्याख्यान का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु का प्रसाद ग्रहण किया और लंगर में प्रसाद छका। मंत्री ने आयोजन के लिए गुरु सिंह सभा और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति को शुभकामनाएं दीं तथा श्रद्धालुओं से मुलाकात की। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, गुरु सिंह सभा अध्यक्ष एमपीएस खुराना, त्रिलोचन सिंह, परमवीर कोहली, अवतार कुकरेजा, अनिल गोयल सहित गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सिख समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

