विवेक नगर आंगनबाड़ी केंद्र में हुआ आंगन मिलन कार्यक्रम,

बच्चों और माताओं को दिया पोषण व स्वच्छता का संदेश
रुद्रपुर वार्ड नंबर-2 के केंद्र संख्या-9 स्थित विवेक नगर आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को पोषण, खानपान, स्वच्छता एवं बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
बताया गया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 13 दिनों तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विवेक नगर आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेत्री श्रीमती शालिनी शर्मा एवं पार्षद श्रीमती रीना जग्गा बतौर अतिथि उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले बच्चों के साथ उनकी माताओं और अन्य अभिभावकों ने भाग लिया। अतिथियों एवं आमंत्रित अभिभावकों का तिलक लगाकर, पुष्पवर्षा एवं अतिथियों को दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस दौरान बच्चों एवं माताओं को पौष्टिक खानपान, साफ-सफाई तथा बच्चों के समुचित पोषण से संबंधित जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ता शालिनी शर्मा ने बच्चों के पोषण और स्वच्छता को लेकर अभिभावकों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रथम स्थान पर पूर्वी, द्वितीय स्थान पर सृष्टि और तृतीय स्थान पर साक्षी रहीं। विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रोनोति विश्वास, सहायिका चम्पा, रजनी रावत, संजय नगर क्षेत्र की सुपरवाइजर प्रभा आर्या सहित सुमन, नीतू, गीता, रीता, कल्पना, सरला, दिव्याशी,ज्योति, कलावती, सुनीता, पूनम,अल्पना, सुमित्रा समेत अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
