कलाकोट में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन 541 लाभार्थियों को मिला लाभ

 

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशभर में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत आयोजित किए जा रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम की कड़ी में चंपावत जिले के विकासखंड बाराकोट के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालाकोट में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित किया।शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 541 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। इनमें स्वास्थ्य विभाग द्वारा 52, आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा विभाग द्वारा 43, होम्योपैथिक विभाग द्वारा 39, पशुपालन विभाग द्वारा 52, उद्यान विभाग द्वारा 48 तथा कृषि विभाग द्वारा 37 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों द्वारा भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।शिविर के दौरान प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान एवं सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।शिविर में जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 74 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी ने सभी शिकायतों एवं आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत तीन किसानों को कुल 9 लाख रूपये के ब्याज मुक्त ऋण चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर किसानों को कृषि एवं स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रमों के अंतर्गत ममता देवी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। इस दौरान बालिका हिमानी का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया तथा ममता बोहरा की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई। कार्यक्रम के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।