पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में 29 शिकायतें दर्ज की गईं,जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति,मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और बीस सूत्री कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने ग्राम रैदुल में जल जीवन मिशन के तहत निजी भूमि पर टैंक निर्माण के बावजूद मुआवजा न मिलने तथा गौशाला में आपदा से हुए भूस्खलन का मुआवजा लंबित होने की शिकायत पर तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अपर चोपड़ा निवासी केदार सिंह गुसाईं की बीमार गाय के उपचार संबंधी शिकायत पर पशु चिकित्सा विभाग को तत्काल चिकित्सक भेजकर उपचार कराने तथा मांग के अनुसार चारा एवं उच्च गुणवत्ता का सीमन उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही संयुक्त मजिस्ट्रेट को तहसीलदार के माध्यम से स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए। कल्जीखाल बाजार में सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी द्वारा आवारा पशुओं एवं सड़क पर मलबा आने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग,प्रांतीय खंड को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनता दर्शन में ग्राम निधियों,वन भूमि हस्तांतरण,छात्रवृत्ति,क्षतिग्रस्त पुश्ते एवं सोलर लाइट से जुड़े मामलों के साथ पेयजल आपूर्ति,वाल्वमैन के मानदेय और किसान सम्मान निधि के प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनता दर्शन एवं जनता मिलन कार्यक्रम सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत कोटी विकासखंड खिर्सू की प्रधान करिश्मा देवी द्वारा पेयजल समस्या के संबंध में दर्ज शिकायत का समाधान कर दिया गया है। जल संस्थान ने संबंधित पेयजल योजनाओं की मरम्मत कर प्रभावित गांवों में जलापूर्ति सुचारू कर दी है। समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के पूर्व उपाध्यक्ष मातवर सिंह नेगी द्वारा कण्डोलिया थीम पार्क में वर्षा जल निकासी के संबंध में दर्ज शिकायत का भी निस्तारण कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग ने विभागीय आवासीय भवनों के मध्य स्थित नाली के माध्यम से वर्षा जल निकासी की व्यवस्था पूरी कर दी है। राजकीय इंटर कॉलेज दोमटखाल की विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष द्वारा सड़क संबंधी शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त स्कपरों का निर्माण एवं मरम्मत कराते हुए मार्ग से मलबा हटाकर यातायात सुचारू कर दिया है। मार्ग के डामरीकरण एवं पक्कीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा गया है। ग्राम सिरसू पोस्ट फतेहपुर दुगड्डा निवासी त्रिलोक सिंह पुत्र माधो सिंह की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना संबंधी शिकायत पर कृषि विभाग ने तत्काल संपर्क कर उनकी ई-केवाईसी पूर्ण कराने की प्रक्रिया संपन्न कराई,जिससे शिकायत का समाधान हो गया है। जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता,पीएमजीएसवाई तथा जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी,संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात,पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय,सीओ तपेश कुमार चंद,सीएमओ डॉ.मेघना असवाल,डीपीआरओ जितेंद्र कुमार,अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल,जल संस्थान के टी.एस.रावत,जल निगम के नवनीत कटारिया,ग्रामीण निर्माण विभाग के लक्ष्मी प्रसाद भट्ट,विद्युत विभाग के अभिनव रावत,जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा,मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल,जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी,जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया,जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल,परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय,एसडीओ वन आयशा बिष्ट,एआरटीओ एन.के.ओझा,ईओ नगर पालिका संजय कुमार,सहायक अभियंता लोनिवि अंकिता सक्सेना,एलडीएम किशन रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
