श्रीनगर गढ़वाल। तेजी से बदलते तकनीकी दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) शिक्षा व्यवस्था के स्वरूप को नई दिशा देने के साथ ही उच्च शिक्षा के भविष्य को भी प्रभावित कर रही है। ऐसे में शिक्षकों के लिए एआई का ज्ञान और उसमें दक्षता हासिल करना समय की आवश्यकता बन गया है। पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों को आधुनिक डिजिटल तकनीक से जोड़कर शिक्षा को अधिक प्रभावशाली,व्यावहारिक और शिक्षार्थी-केंद्रित बनाया जा सकता है। इसी महत्वपूर्ण विषय को लेकर हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित एक सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो.के.श्रीनिवास ने अपने व्याख्यान में उच्च शिक्षा के बदलते स्वरूप और उसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रशिक्षण कार्यक्रम का विषय शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता-शिक्षण,शोध,नवाचार एवं सहयोग के माध्यम से संस्थागत परिवर्तन की नई दिशा रखा गया है। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस प्रो.के.श्रीनिवास ने भविष्य के अनुरूप उच्च शिक्षा,अनुभवात्मक,शिक्षार्थी-केंद्रित एवं मिश्रित शिक्षण वातावरण के निर्माण में एआई दक्षता का एकीकरण विषय पर सारगर्भित व्याख्यान प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में प्रो.श्रीनिवास ने कहा कि वर्तमान समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता केवल तकनीकी ज्ञान या डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल तक सीमित नहीं रह गई है,बल्कि यह शिक्षण और सीखने की पूरी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी,संवादपरक एवं परिणामोन्मुख बनाने की क्षमता रखती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एआई का समुचित उपयोग विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता,रचनात्मक सोच,विषयों की समझ और व्यावहारिक ज्ञान को नई मजबूती प्रदान कर सकता है। उन्होंने अनुभवात्मक शिक्षण,शिक्षार्थी-केंद्रित शिक्षा तथा मिश्रित शिक्षण पद्धति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों की रुचि,आवश्यकता,क्षमता और सीखने की गति को ध्यान में रखकर शिक्षण प्रक्रिया विकसित करना आवश्यक है। एआई आधारित तकनीकों के माध्यम से शिक्षकों के लिए विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को समझना और उनके अनुरूप शिक्षण सामग्री एवं गतिविधियों को तैयार करना अधिक सहज हो सकता है। प्रो.श्रीनिवास ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि भविष्य की उच्च शिक्षा में शिक्षकों की भूमिका केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं रहेगी,बल्कि उन्हें मार्गदर्शक,नवाचार के प्रेरक और तकनीकी रूप से दक्ष शिक्षाविद् के रूप में अपनी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना होगा। इसके लिए शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ उसके रचनात्मक,व्यावहारिक और जिम्मेदार उपयोग की समझ भी विकसित करनी होगी। उन्होंने पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों और आधुनिक डिजिटल तकनीकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि तकनीक का उद्देश्य शिक्षक की भूमिका को समाप्त करना नहीं,बल्कि शिक्षण प्रक्रिया को अधिक गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी बनाना होना चाहिए। उनके व्याख्यान ने प्रतिभागी शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को उच्च शिक्षा के भविष्य,नवाचार की संभावनाओं और कक्षा-कक्ष में एआई के उपयोग को लेकर नई दृष्टि प्रदान की। उल्लेखनीय है कि हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से आयोजित इस एक सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों से आए 30 से अधिक शिक्षक एवं शिक्षाविद् प्रतिभाग कर रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभावी एकीकरण के माध्यम से शिक्षण,शोध,नवाचार और संस्थागत विकास की संभावनाओं को विस्तार देना है। निश्चित रूप से इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम उच्च शिक्षा जगत को बदलती तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप तैयार करने के साथ ही शिक्षकों के ज्ञान,कौशल और नवाचार क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
