श्रीनगर में नेत्र शिविर बना जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की नई रोशनी-135 मरीजों की जांच,28 का निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयन

 

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं और किसी जरूरतमंद के जीवन में नई रोशनी लौटाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता। इसी मानवीय भावना को धरातल पर उतारते हुए श्रीनगर गढ़वाल में हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल सतपुली एवं गौसेवा संवर्धन समिति श्रीनगर के संयुक्त सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के 135 लोगों की आंखों की निःशुल्क जांच की गई,जबकि चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 28 मरीजों को नेत्र ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। यह पहल उन जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है,जो आर्थिक अथवा अन्य कारणों से समय पर नेत्र उपचार नहीं करा पाते हैं। कंसमर्दनी मार्ग स्थित बंधन वेडिंग पॉइंट में आयोजित इस शिविर में हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल सतपुली की ओर से डॉ.प्रशांत जुगराण,कोऑर्डिनेटर दीपक गुसाईं एवं सहायक सुनील नेगी ने अपनी सेवाएं प्रदान की। चिकित्सकीय टीम ने शिविर में पहुंचे सभी मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे भी उपलब्ध कराए गए। शिविर के दौरान चिकित्सकों ने मरीजों की आंखों से संबंधित समस्याओं का परीक्षण करते हुए उन्हें बेहतर उपचार के प्रति जागरूक किया। जांच के उपरांत 28 मरीजों को ऑपरेशन के लिए उपयुक्त पाया गया। चयनित मरीजों को आगामी 15 नवंबर को श्रीनगर रोडवेज बस अड्डे से हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल सतपुली ले जाया जाएगा,जहां उनके नेत्र ऑपरेशन की व्यवस्था की जाएगी। विशेष बात यह है कि मरीजों के आने-जाने,भोजन और ठहरने की संपूर्ण व्यवस्था हंस फाउंडेशन की ओर से निःशुल्क की जाएगी। इससे जरूरतमंद मरीजों को बिना किसी आर्थिक बोझ के बेहतर चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो सकेगी। गौसेवा संवर्धन समिति श्रीनगर की यह पहल समाज के प्रति उसकी व्यापक जिम्मेदारी और सेवा भावना को प्रदर्शित करती है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि गौसेवा के साथ-साथ मानव सेवा,स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना भी समिति के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। आंखें मनुष्य के जीवन का अनमोल उपहार हैं। आंखों की रोशनी प्रभावित होने से व्यक्ति की दिनचर्या,आत्मनिर्भरता और जीवन की गुणवत्ता पर गहरा असर पड़ता है। ऐसे में जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराना समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। गौसेवा संवर्धन समिति ने हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल सतपुली की चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में संस्था का योगदान सराहनीय है। इस प्रकार के शिविर न केवल लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं,बल्कि समाज में सेवा,सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करते हैं। इस जनकल्याणकारी आयोजन को सफल बनाने में बंधन वेडिंग पॉइंट के संचालक विनोद घिल्ड़ियाल एवं पत्रकार गबर सिंह भण्डारी का विशेष सहयोग रहा। समिति ने दोनों सहयोगियों सहित आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। शिविर में गौसेवा संवर्धन समिति के अध्यक्ष अनुज जोशी,उपाध्यक्ष आनंद सिंह भण्डारी,सचिव हिमांशु बहुगुणा,कोषाध्यक्ष सूर्य प्रकाश नौटियाल,मीडिया प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद बड़थ्वाल,विधिक सलाहकार पंकज बहुगुणा,सपना पंवार,रचना भंडारी,रेनू नयाल,प्रियांशु खंडूड़ी,संजय कुमार घिल्ड़ियाल सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ही सच्ची जनसेवा है। भविष्य में भी समिति सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी। निःशुल्क नेत्र शिविर के माध्यम से 135 लोगों को जांच की सुविधा मिलना और 28 मरीजों का ऑपरेशन के लिए चयनित होना इस बात का प्रमाण है कि जब सामाजिक संस्थाएं,चिकित्सकीय संस्थान और स्थानीय नागरिक एकजुट होकर कार्य करते हैं,तो समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।