श्रीनगर गढ़वाल। नगर क्षेत्र के आवास विकास मैदान में नवंबर 2026 में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेले को लेकर स्थानीय निवासियों ने अभी से व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग उठानी शुरू कर दी है। मेले के दौरान शांति व्यवस्था,ध्वनि प्रदूषण,यातायात एवं पार्किंग,सुरक्षा और आसपास रहने वाले परिवारों की परेशानियों को लेकर जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल को 19 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन और नगर निगम श्रीनगर से आग्रह किया गया है कि मेले के आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं,ताकि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जा सके। जिलाधिकारी को प्रेषित ज्ञापन में बताया गया है कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला नगर निगम श्रीनगर के वार्ड संख्या 29 स्थित आवास विकास मैदान में आयोजित किया जाता है। मैदान के चारों ओर घनी आबादी है तथा आवासीय भवन स्थित हैं। ऐसे में मेले के दौरान होने वाली गतिविधियों का सीधा प्रभाव आसपास रहने वाले परिवारों,बुजुर्गों,महिलाओं,बच्चों और आम नागरिकों पर पड़ता है। पिछले मेले की अव्यवस्थाओं से सबक लेने की मांग ज्ञापन में पिछले वर्ष मेले के दौरान ध्वनि प्रदूषण और अव्यवस्थित व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मेले में लगाया गया साउंड सिस्टम अत्यधिक तेज आवाज में बजाया गया,जिससे आसपास के घरों में कंपन महसूस होने लगा था। देर रात एक से दो बजे तक साउंड सिस्टम बजने के कारण लोगों को रातभर परेशानी, भय और बेचैनी का सामना करना पड़ा। ज्ञापन में मांग की गई है कि इस बार ध्वनि प्रदूषण से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए तथा रात्रि 10 बजे तक ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन में यह भी सवाल उठाया गया है कि साउंड सिस्टम लगाने और संचालन की अनुमति किस आधार पर दी जाती है तथा इसके लिए निर्धारित नियमों का पालन किस प्रकार सुनिश्चित किया जाता है। स्थानीय निवासियों ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का सभी सम्मान करते हैं,लेकिन आयोजन की आड़ में किसी भी नागरिक को असहनीय ध्वनि प्रदूषण और मानसिक परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए। ज्ञापन में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया गया है। आवास विकास मैदान के आसपास तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-58 के अगल-बगल आवासीय भवन स्थित हैं। इसके बावजूद लोग अपने वाहन दूसरों की संपत्तियों और सड़कों पर खड़े कर देते हैं,जिससे भवन स्वामियों और आने-जाने वाले राहगीरों को दिन-रात परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय निवासियों ने मेले के दौरान व्यवस्थित पार्किंग स्थल निर्धारित करने और सड़कों एवं निजी संपत्तियों पर अनधिकृत वाहन खड़े करने पर रोक लगाने की मांग की है। मेले में झूले,चरखी,दुकानें और अन्य मनोरंजन संबंधी गतिविधियां संचालित होती हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ज्ञापन में झूले एवं चरखी संचालकों के फिटनेस प्रमाणपत्र और बीमा दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई है,ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में जनहानि और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। इसके साथ ही पूरे पंडाल क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने और उन्हें आवश्यकतानुसार नियंत्रण कक्ष से जोड़ने की मांग की गई है। ज्ञापन में पूर्व में कैमरों को समय से पहले हटाए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया है कि सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे,बल्कि पूरे मेले के दौरान प्रभावी रूप से लागू हो। ज्ञापन में कहा गया है कि मंच के आसपास अनावश्यक दुकानों और अस्थायी ठेलों के कारण कार्यक्रमों के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न होती है। इसलिए मंच के आसपास केवल आवश्यक एवं अधिकृत व्यवस्थाओं को ही स्थान दिया जाए। स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों और अन्य दुकानों के लिए भी उचित स्थान एवं समय निर्धारित किया जाए। झूले और चरखी वाले स्थानों पर महिलाओं एवं पुरुषों की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय स्थापित करने की मांग भी की गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शौचालयों के अभाव में कुछ लोग आसपास की गलियों में खुले में पेशाब आदि करते हैं,जिससे मोहल्ले के लोगों को भारी परेशानी और अस्वच्छता का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा मेले का ठेका लेने वाले प्रत्येक ठेकेदार का नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने,बाहर से आने वाले दुकानदारों का सत्यापन कराने तथा मेले के दौरान नियमित साफ-सफाई एवं पानी का छिड़काव कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में पिछले आयोजनों के दौरान मैदान में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है। वर्ष 2025 के दौरान कार्यक्रम के समय चाकूबाजी और मारपीट की घटना तथा एक दुकानदार के साथ हुई मारपीट का हवाला देते हुए कहा गया है कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस की पर्याप्त तैनाती और प्रभावी निगरानी जरूरी है। ज्ञापन में नगर निगम प्रशासन से यह भी अपेक्षा की गई है कि मेले में ध्वनि विस्तारक यंत्रों,दुकानों,पार्किंग और अन्य गतिविधियों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा उनका उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ज्ञापन के अंत में प्रार्थी एवं समस्त स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन से पहले संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही नगर निगम प्रशासन,पुलिस विभाग और संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर सुरक्षा,स्वच्छता,यातायात और शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। ज्ञापन की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी श्रीनगर,नगर निगम के महापौर/नगर आयुक्त तथा थाना प्रभारी श्रीनगर को भी प्रेषित की गई है। स्थानीय निवासियों का स्पष्ट संदेश है कि वे बैकुंठ चतुर्दशी जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के विरोधी नहीं हैं,बल्कि चाहते हैं कि यह ऐतिहासिक मेला श्रद्धा,उल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो। लेकिन मेले की व्यवस्थाओं के नाम पर आसपास रहने वाले नागरिकों की शांति,सुरक्षा और मौलिक सुविधाओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और नगर निगम इन मांगों पर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करते हैं। जनहित का सवाल: धार्मिक आयोजनों की गरिमा तभी बनी रहती है,जब श्रद्धालुओं के उत्साह के साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा,सम्मान और सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर एडवोकेट सुरज किमोठी,पृथ्वी सिंह बिष्ट,राजेश रावत,अनिल डोभाल,भास्कर पुरी,बाबूराम नौटियाल,ललित मोहन नैथानी,रघुनंदन प्रसाद,जे.पी.पोखरियाल,कुशालानंद पोखरियाल,दिनेश सिंह पंवार,मुकेश रावत,मनोज रावत,गुलशन कुमार,रामचंद्र सिंह,गंगा बिष्ट,इंद्रा रावत,विजयलक्ष्मी पंवार,भूपेश रावत,कमलेश नैथानी,बालम सिंह,प्रदीप नेगी,हेमलता बिष्ट,अरुण बडोनी,पुष्पा नौटियाल,सुषमा नौटियाल,पंकज नौटियाल,विक्रम सिंह,अतुल भंडारी,ललित मोहन,जगत सिंह नेगी,पंकज भट्ट,प्रेम सिंह,महिपाल सिंह पंवार,शिव प्रसाद,नीरज बिष्ट,डॉ.राजेंद्र मैठाणी,नीरज बिष्ट सतीश आदि लोग उपस्थित थे।
