पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनता को बेहतर,सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति का सीधा संबंध ग्रामीण जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को लेकर विभागीय अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी पौड़ी डॉ.मेघना असवाल ने विकासखंड यमकेश्वर एवं द्वारीखाल की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर ठांगर बंद मिला तथा वहां तैनात सभी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने निरीक्षण अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दिउली,पौखाल,पीएचसी टाइप-ए कांडाखाल,किन्सुर,भृगुखाल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेलूसैण का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं,चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता,चिकित्सा उपकरणों की स्थिति,साफ-सफाई,पेयजल व्यवस्था तथा चिकित्सालयों के आवासीय भवनों की स्थिति का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी चिकित्सा उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित एवं क्रियाशील रखे जाएं। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखा जाए,ताकि उपचार के लिए आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान पीएचसी कांडाखाल के चिकित्सालय भवन में सीलन की समस्या सामने आई। इसके अतिरिक्त यहां आवासीय भवन निर्माण की आवश्यकता भी महसूस की गई। वहीं पीएचसी किन्सुर स्थित एएनएम सेंटर में जमीन धंसने तथा बाउंड्रीवाल निर्माण से संबंधित समस्या पाई गई। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने निर्माण अनुभाग को संबंधित कार्यों का स्थलीय आकलन कर आवश्यक आगणन तैयार करने और प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए,ताकि आवश्यक निर्माण एवं सुधार कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने बताया कि यमकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दिउली में चिकित्सकों की अनुपस्थिति को लेकर पूर्व में प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पीएचसी दिउली में संबंधित चिकित्सक अवकाश पर पाए गए। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर ठांगर में निरीक्षण के दौरान केंद्र बंद मिला और वहां नियुक्त सभी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित संचालन और निर्धारित समय पर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना आवश्यक है,जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को उनके नजदीक ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। सीएमओ ने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल व्यवस्थाओं का जायजा लेना ही नहीं,बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी,जवाबदेह और जनोपयोगी बनाना भी है। पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूरस्थ अस्पतालों की दौड़ न लगानी पड़े,इसके लिए स्थानीय चिकित्सा इकाइयों का सुचारु संचालन बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने,मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने तथा स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अन्य सभी चिकित्सा इकाइयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि ठांगर में कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर मांगे गए स्पष्टीकरण के बाद विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होती है और संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं में कितना सुधार देखने को मिलता है।
