श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर में सामाजिक जागरूकता,सांस्कृतिक संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ने की दिशा में सक्रिय भागीरथी कला संगम की ओर से पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर आयोजित भव्य झांकी में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनमें विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली। कार्यक्रम में व्यापार सभा श्रीनगर के अध्यक्ष अनुज जोशी मुख्य अतिथि तथा वरिष्ठ समाजसेवी खिलेन्द्र चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने संस्था की ओर से किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ ही नई पीढ़ी में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी खिलेन्द्र चौधरी ने कहा कि भागीरथी कला संगम द्वारा निरंतर किए जा रहे कार्य अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायी हैं। संस्था ने सफाई अभियान चलाकर पूरे क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को अपनी संस्कृति,परंपराओं और विरासत से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के लिए पुरस्कार प्राप्त करना जितना महत्वपूर्ण है,उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उसके भीतर दिखाई देने वाला उत्साह और आत्मविश्वास है। पुरस्कार प्राप्त करने वाले बच्चों के चेहरों पर जो खुशी और उमंग दिखाई दे रही है,वह वास्तव में प्रसन्नता का विषय है। मुख्य अतिथि व्यापार सभा अध्यक्ष अनुज जोशी ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है कि भागीरथी कला संगम सामाजिक सरोकारों के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी निरंतर आगे बढ़ा रही है। ऐसे आयोजन समाज को जागरूक करने के साथ बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के समापन पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भरपूर प्रशंसा की। साथ ही संस्था को आश्वस्त किया कि व्यापार सभा श्रीनगर भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बड़थ्वाल ने मुख्य अतिथि,विशिष्ट अतिथि सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य सामाजिक एकता,स्वच्छता,सांस्कृतिक संरक्षण और बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। बच्चों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और भविष्य में उन्हें और बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम का कुशल संचालन मदन गड़ोई ने किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली संस्था की पूरी टीम,अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ संरक्षक रमेश चंद्र थपलियाल,संरक्षक दीनबंधु चौहान,भगत सिंह बिष्ट,हरिप्रसाद उनियाल,पदमेन्द्र रावत,धर्मेंद्र,संजय कोठारी,किशोरी लाल नौटियाल,हरेंद्र तोमर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं संस्था से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे। भागीरथी कला संगम की यह पहल न केवल बच्चों की प्रतिभा को सम्मान देने का माध्यम बनी,बल्कि समाज में सांस्कृतिक चेतना,स्वच्छता और अपनी जड़ों से जुड़ाव का संदेश भी दे गई।
