पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना किसी भी देश की सामाजिक,आर्थिक और जनसांख्यिकीय तस्वीर को समझने का महत्वपूर्ण आधार होती है। इसके आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं,सरकारी नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में जनगणना के दौरान कोई भी परिवार अथवा व्यक्ति गणना से वंचित न रह जाए,इसके लिए पौड़ी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता,पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करते हुए शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित की जाए। जनगणना-2026 के कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक परिवार की भागीदारी सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए और प्रगणक घर-घर पहुंचकर आवश्यक जानकारियां एकत्रित करें,ताकि कोई भी परिवार गणना से छूटने न पाए। उन्होंने बताया कि जनगणना के अंतर्गत आंकड़े एकत्रित करने के लिए दो माध्यम अपनाए जा रहे हैं। पहले माध्यम के तहत प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे, जबकि दूसरे माध्यम में नागरिकों को स्वयं अपने परिवार की गणना करने की सुविधा दी गई है। स्व-गणना की इस व्यवस्था के तहत कोई भी व्यक्ति मोबाइल फोन अथवा लैपटॉप के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार के सभी सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकता है। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि स्व-गणना की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और अधिक से अधिक नागरिकों को इसके लिए प्रेरित किया जाए। इससे न केवल लोगों की भागीदारी बढ़ेगी,बल्कि प्रगणकों को घर-घर जाकर आंकड़े एकत्रित करने में लगने वाले समय में भी कमी आएगी और जनगणना कार्य को निर्धारित समय में सुगमता से पूरा करने में मदद मिलेगी। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भवन गणना का कार्य संपन्न किया जा चुका है। अब जनगणना के आगामी चरणों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरा किया जाना है। इस कार्य में शिक्षा विभाग और पॉलिटेक्निक संस्थानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को एक स्थान पर एकत्रित कर उनके मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थी अपने परिवारों,रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए शिक्षण संस्थानों के माध्यम से विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं,ताकि जनगणना का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती,जिला शिक्षाधिकारी प्राथमिक अंशुल बिष्ट,प्रभारी मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा,अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल,जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
