पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना की तैयारियों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूरा करने और स्वगणना प्रक्रिया में आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं। बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने जनगणना की तैयारियों,स्वगणना की प्रगति तथा फॉर्मर रजिस्ट्री एवं एग्री स्टैक अभियान की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है,इसलिए इसकी प्रत्येक प्रक्रिया को गंभीरता,पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। स्वगणना के लिए गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान
स्वगणना को लेकर जिलाधिकारी ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वगणना की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी देने के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाए। इस अभियान में राजनीतिक दलों का सहयोग भी लिया जाए तथा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर लोगों को स्वगणना के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वगणना की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित कराने तथा चार्ज अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को जमीनी स्तर पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही चार्ज अधिकारियों को प्रतिदिन सुपरवाइजरों से फीडबैक लेकर प्रगति की समीक्षा करने को कहा। सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और उनके व्यवस्थित संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में फॉर्मर रजिस्ट्री एवं एग्री स्टैक अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शत-प्रतिशत किसान पंजीकरण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायती राज,कृषि,उद्यान,राजस्व,सहकारिता एवं ग्राम्य विकास विभाग को आपसी समन्वय बनाकर अभियान में तेजी लाने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन किसानों का पंजीकरण आसानी से किया जा सकता है, उनके प्रकरण प्राथमिकता के आधार पर पहले निस्तारित किए जाएं। पोर्टल पर तकनीकी त्रुटियों के कारण आ रही समस्याओं का संबंधित स्तर पर तत्काल समाधान कराया जाए। जिन कार्मिकों की पोर्टल पर आईडी बनाई गई हैं,वे अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप पंजीकरण कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करें। उन्होंने सभी विभागों को अपने कार्मिकों की सूची तैयार करने,प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करने और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए और रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी न दी जाए। फॉर्मर रजिस्ट्री अभियान को गांवों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं राजस्व उपनिरीक्षकों को पोर्टल के माध्यम से आवश्यक प्रविष्टियां करने तथा अधिकाधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी,अपर जिलाधिकारी पी.आर.चौहान,जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार,जिला शिक्षाधिकारी प्राथमिक अंशुल बिष्ट,जिला आपदा पर्यटन अधिकारी दीपेश काला,जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी,एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित सभी तहसीलदार,चार्ज अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
