श्रीनगर गढ़वाल। विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) जागरूकता सप्ताह के तहत शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस चिकित्सालय में नर्सिंग अधिकारियों के लिए जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन एवं हाथों की स्वच्छता विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के सेंटिनल निगरानी केंद्र की ओर से राष्ट्रीय एक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अस्पताल में संक्रमण की रोकथाम,सुरक्षित अपशिष्ट निस्तारण और स्वास्थ्य कर्मियों में स्वच्छता संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। इस वर्ष जागरूकता सप्ताह की थीम एक स्वास्थ्य,एक कदम-एएमआर की रोकथाम आज ही करें रखी गई है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने नर्सिंग अधिकारियों को जैव चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित संग्रहण,वर्गीकरण,परिवहन एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पतालों से निकलने वाले जैविक एवं संक्रामक कचरे का यदि उचित तरीके से निस्तारण नहीं किया जाता है तो इससे मानव स्वास्थ्य के साथ ही पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी की जिम्मेदारी है कि वह अपशिष्ट प्रबंधन के निर्धारित नियमों का पालन करे। इस दौरान नर्सिंग अधिकारियों को अलग-अलग रंगों के निर्धारित डस्टबिन के उपयोग और उनमें डाले जाने वाले कचरे की जानकारी दी गई। सुइयों,रक्त की थैलियों,पट्टियों,प्लास्टिक एवं अन्य चिकित्सा अपशिष्ट को निर्धारित श्रेणियों के अनुसार अलग-अलग रखने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही हाथों की स्वच्छता और सही तरीके से हाथ धोने के महत्व पर भी व्यावहारिक जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि हाथों की उचित स्वच्छता अस्पताल में संक्रमण के प्रसार को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ.ए.एन.पांडेय ने कहा कि अस्पताल में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ताकि अपशिष्ट प्रबंधन की जिम्मेदारियों को समझते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कर सकें।
प्रशिक्षण में नर्सिंग अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विशेषज्ञों से विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। इस मौके पर सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ.विनीता रावत,डॉ.जितेंद्र देवराड़ी,सुनील सिंह,चंद्रशेखर शर्मा सहित विभाग के अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने प्रशिक्षण टीम माइक्रोबायोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो.डॉ.विनिता रावत व उनकी टीम संकाय सदस्य तथा प्रतिभाग करने वाले सभी नर्सिंग स्टाफ व सभी स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में संक्रमण की रोकथाम और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन एवं हैंड हाईजीन के निर्धारित मानकों का पालन बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी को कार्यस्थल पर प्रभावी रूप से अपनाने की अपील की। संस्थान मे इसके सफल क्रियान्वयन हेतु संस्थान मे कार्यरत चिकित्सक व कर्मी को नोडल अधिकारी व सह नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी जायेगी। प्रदेश भर के अस्पतालों में मरीजों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छता व संक्रमण की रोकथाम हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जैव चिकित्सा अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन,अस्पताल की स्वच्छता और हैंड हाईजीन चिकित्सक व सपोर्टिंग स्टाफ व मरीज के स्वास्थ्य सुरक्षा के महत्वपूर्ण आधार हैं। एएमआर जैसी गंभीर वैश्विक चुनौती से निपटने के लिए चिकित्सकों,नर्सिंग अधिकारियों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूक एवं प्रशिक्षित कर श्रीनगर मेडिकल कॉलेज अच्छा सन्देश दे रहा है। हर मेडिकल कालेज व जिला चिकित्सालयो मे ऐसी वर्कशॉप सतत् होनी आवश्यक है। प्रदेश के सभी चिकित्सा संस्थानों में ऐंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर),संक्रमण नियंत्रण और सुरक्षित अपशिष्ट प्रबंधन के मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण केवल चिकित्सकों की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जैव चिकित्सा अपशिष्ट का सही वर्गीकरण,सुरक्षित निस्तारण और हाथों की स्वच्छता मरीजों,स्वास्थ्य कर्मियों तथा आमजन को संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) की रोकथाम के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद जरूरी हैं। हमारा प्रयास है कि मेडिकल कॉलेजों एवं संबद्ध चिकित्सालयों में नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों को नवीनतम मानकों के अनुरूप दक्ष बनाया जाए।
