पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता,दवाओं के उचित रखरखाव और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही न हो,इसके लिए जिलाधिकारी ने होम्योपैथिक तथा एलोपैथिक स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने होम्योपैथिक चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पैठाणी की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेते हुए चिकित्सकीय सेवाओं में सुधार और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। होम्योपैथिक चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर मिले। इस पर जिलाधिकारी ने अनुपस्थिति तथा अवकाश व्यवस्था पर नाराजगी जतायी तथा उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। उन्होंने बिना अनुमति के अवकाश पर जाने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी का स्पष्टीकरण करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए तथा जिला होम्योपैथिक अधिकारी को सतत निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं,उनके स्टॉक और एक्सपायरी तिथि की भी जानकारी ली तथा दवाओं को स्टॉक रजिस्टर में व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। पूर्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए पेयजल आपूर्ति की समुचित व्यवस्था न होने की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया था। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करायी। पेयजल व्यवस्था सुचारू होने पर संबंधित चिकित्साधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिलाधिकारी ने ओपीडी,जनरल वार्ड,महिला वार्ड,पैथोलॉजी लैब और लेबर रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं,साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वास्थ्य परीक्षणों की दर सूची प्रमुखता से चस्पा करने,बेडशीट नियमित रूप से बदलने के निर्देश दिए। डीएम ने अस्पताल परिसर में चिकित्सकों के संपर्क नंबर भी प्रदर्शित करने को कहा,ताकि मरीज जरूरत पड़ने पर संबंधित चिकित्सक से संपर्क कर सकें। भवन एवं आवासों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवश्यक मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने और आवासों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। दवाओं के रखरखाव और स्टॉक प्रबंधन को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि दवाओं की उपलब्धता,स्टॉक एंट्री और एक्सपायरी तिथि की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसमें लापरवाही पाए जाने पर संबंधित मेडिकल ऑफिसर और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी तय होगी। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि चिकित्सालयों में चिकित्सकों के अवकाश का निर्धारण रोस्टर के अनुसार किया जाए,ताकि किसी भी स्थिति में मरीजों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े। साथ ही संबंधित चिकित्साधिकारी प्रत्येक माह स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर अपनी आख्या प्रस्तुत करेंगे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव की कम संख्या पर भी जिलाधिकारी ने चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रसव की संभावित तिथि वाली गर्भवती महिलाओं की सूची संबंधित चिकित्साधिकारी के पास अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे। प्रसव से लगभग दो माह पूर्व संबंधित महिला चिकित्सा अधिकारी गर्भवती महिलाओं से नियमित संवाद स्थापित करें,ताकि समय रहते स्वास्थ्य परीक्षण,आवश्यक परामर्श और सुरक्षित प्रसव की तैयारियां सुनिश्चित की जा सकें। जिलाधिकारी ने 108 आपातकालीन एंबुलेंस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एंबुलेंस में उपलब्ध दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की जांच करते हुए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन से संवाद कर आपातकालीन स्थिति में मरीजों को दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा और उनके दायित्वों की जानकारी ली। एंबुलेंस में उपकरणों तथा दवाओं की उचित व्यवस्था न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एंबुलेंस संचालक को नोटिस जारी करते हुए सीएमओ को जिले की सभी एम्बुलेंसों में तीन दिन के भीतर जांच प्रस्तुत कर आख्या देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति,दवाओं की उपलब्धता,स्वच्छता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की निगरानी में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान में व्यवस्थाएं इस तरह सुनिश्चित की जाएं कि आमजन को समय पर सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इस अवसर पर सीएमओ डॉ.मेघना असवाल,अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग लक्ष्मी प्रसाद भट्ट,नायब तहसीलदार सुदामा सिंह रावत सहित अन्य उपस्थित रहे।
